दो घंटे की बारिश में ही नगर पर्षद की नाला उड़ाही की खुली पोल

मंगलवार दोपहर 11 बजे आयी मूसलाधार माॅनसूनी बारिश से भभुआ शहर पानी-पानी हो गया़. सड़कें जहां तालाब बन गयी

भभुआ सदर. भभुआ शहर में बारिश हुई नहीं कि नगर पर्षद की पोल खुलने लगती है. मंगलवार दोपहर 11 बजे आयी मूसलाधार माॅनसूनी बारिश से भभुआ शहर पानी-पानी हो गया़. सड़कें जहां तालाब बन गयी, वहीं शहर का एक भी मार्ग ऐसा नहीं बचा जिससे बारिश के पानी का तेज बहाव नहीं हो रहा था. एकता चौक, कचहरी रोड, स्टेडियम रोड, महावीर मंदिर रोड आदि सड़कों पर भारी जलजमाव के कारण मोटरसाइकिल व स्कूटी जहां-तहां बंद हो गये, इसके चलते राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा़. थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद झमाझम माॅनसून की बारिश लगभग दो घंटे तक हुई. इस बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशियां लौट गयीं, वहीं गरमी से भी लोगों को काफी राहत मिली है. गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से अच्छी माॅनसूनी बारिश अटकी पड़ी थी और लोग बाग गर्मी और उमस से बेहाल थे, लेकिन मंगलवार को 11 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने भभुआ शहर की सूरत ही बदल दी. अधिकांश सड़कें तालाब बन गयी, तो शहर के सभी मार्गों पर घंटों पानी लगा रहा. यातायात व्यवस्था ठप हो गयी और शहर थम-सा गया था. शहर में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण चारों ओर स्थिति अस्त-व्यस्त रही. मूसलाधार बारिश से शहर की कई दुकानों में पानी घुस गया और दुकानदारों का सामान बर्बाद हो गया. एक ओर जहां शहरवासी भभुआ को स्मार्ट सिटी बनने का सपना देख रहे हैं, वहीं नगर प्रशासन की लचर व्यवस्था के कारण शहर की स्थिति काफी नारकीय बन गयी. हर साल बरसात से पहले नगर पर्षद जोर शोर से नाला उड़ाही का कार्य करता है, लेकिन हाल यह है कि शहर के नाले व नालियों की अक्षमता के चलते एक या दो घंटे की बारिश को भी बर्दाश्त करने की क्षमता नहीं है़. नगर पर्षद की बदहाल व्यवस्था के कारण ही मंगलवार को झमाझम माॅनसून के मात्र दो घंटे की बारिश भी शहर पर भारी पड़ गयी़ और नाला उड़ाही और प्लान के बावजूद पहले से जाम पड़े और क्षतिग्रस्त नालियों ने दम तोड़ दिया और बारिश का पानी नाले के बदले सड़कों पर बहने लगा. एकता चौक पर तो जाम के चलते घुटनों तक पानी सड़क पर आ गया. लोग खासकर महिलाएं, युवतियां और बच्चे उसी नाले के गंदे पानी के बीच आने जाने को मजबूर हुए. = जलजमाव ने बढ़ा दी शहरवासियों की परेशानी वैसे तो मंगलवार को हुई माॅनसूनी बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत तो जरूर दी, लेकिन बारिश के कारण शहरवासियों की परेशानी भी काफी बढ़ गयी. शहर के एकता चौक से पटेल चौक तक जलजमाव के कारण लगभग एक घंटे तक पैदल राहगीरों का गुजरना तो दूर वाहनों तक की आवाजाही रुक गया. पुराना चौक से उत्तर मुहल्ला जाने वाले मार्ग में सड़क पर पानी बह रहा था, जहां सड़क व नाले का कोई पता ही नहीं चल रहा था़ इतना ही नहीं शहर के सब्जी मंडी, पुराना बाजार, मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के समीप, चकबंदी रोड, छावनी मुहल्ला, देवी जी रोड, वीआइपी कॉलोनी, प्रोफेसर कॉलोनी, भभुआ ब्लॉक सहित अन्य मार्गों में जलजमाव की स्थिति ने शहरवासियों सहित बाजार करने आये ग्रामीण लोगों की परेशानी बढ़ा दी़. = सदर अस्पताल व सरकारी कार्यालयों में घुसा पानी मंगलवार को दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने नगर पर्षद को आइना दिखा दिया, तो वहीं सरकारी कार्यालयों में घुसे पानी के कारण उनकी भी बदहाल स्थिति उजागर हो गयी. सदर अस्पताल सहित अन्य कार्यालय परिसर में बारिश का पानी प्रवेश कर गया. सदर अस्पताल सहित अन्य विभागीय परिसर में बारिश के कारण जलजमाव से लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. :::झमाझम बारिश से शहर की सड़कें बनीं तालाब कई दुकानों में घुस गया पानी, दुकानदारों का सामान हो गया बर्बाद जाम पड़े नालों के कारण सड़कों पर भारी जलजमाव, वाहन हो गये बंद

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >