सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज के इतिहास विभाग में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में शिक्षकों, शोध छात्रों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा.
कैमूर की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें.
प्रधानाचार्य ने किया कार्यक्रम का उद्धाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन एवं अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा ने की. उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि समाज के निर्माता और राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार होते हैं. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है.
उन्होंने शिक्षकों से निरंतर अध्ययन, अनुसंधान और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया. साथ ही विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.
कार्यक्रम का संचालन विभाग के शिक्षक डॉ. अजीत कुमार राय ने किया. इस दौरान शोध छात्रों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला.
क्या बोले अन्य वक्ता
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है. कार्यक्रम में शोध छात्रों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अध्ययन और शोध के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया.
समापन अवसर पर डॉ. अजीत कुमार राय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, शोध छात्रों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों को एकजुट करने के साथ आपसी सहयोग और शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करते हैं. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस दौरान मौके पर बांसीधर उपध्याय सहित कई मौजूद थे.
