Mohania Mujan School : कैमूर जिला के मोहनियां सदर स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मुजान में बुधवार को वार्षिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया. विद्यालय परिवार ने कक्षावार एवं संकायवार टॉप-3 विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी, कलम और कॉपी देकर सम्मानित किया.
Kaimur News ; मेधावियों को मिला सम्मान, मेहनत का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ अन्य छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था. समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया.
10वीं और 12वीं के टॉपर्स को किया गया सम्मानित
वर्ग 10वीं में प्रथम स्थान पर सुमित साजन, द्वितीय स्थान पर सपना कुमारी और तृतीय स्थान पर आदिस्वरूपा रहीं. वहीं 12वीं कला संकाय में सोनाली सुमन ने पहला, लक्ष्मीना कुमारी ने दूसरा और कुंदन कुमार मौर्या ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. विज्ञान संकाय में ब्यूटी कुमारी प्रथम, रागनी कुमारी द्वितीय और खुशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. सभी मेधावियों को मेडल, ट्रॉफी, कलम और कॉपी देकर सम्मानित किया गया.
परिश्रम और अनुशासन को बताया सफलता की कुंजी
विद्यालय परिवार ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और नियमित अध्ययन ही सफलता का आधार है. सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों, अभिभावकों और नियमित पढ़ाई को दिया.
भविष्य में भी होंगे ऐसे प्रेरणादायी आयोजन
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया. विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी सम्मान समारोह आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई. इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सिपिन कुमार गुप्ता सहित शिक्षक राजीव कुमार, अमिताभ नारायण सुमन, रामविलास पासवान, रंजन कुमार, रविन्द्र नाथ राय, दीनदयाल पाण्डेय, शिला साव, जैनेंद्र कुमार तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.
