Kaimur News: जिले के भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र की टोड़ी पंचायत अंतर्गत ओरगांव गांव निवासी दिव्यांग शिवाजी शर्मा को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय व निस्वार्थ योगदान के लिए 'बिहार गौरव अवार्ड' से सम्मानित किया गया है. गया जी में राष्ट्रीय खेल दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. शिवाजी कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
शारीरिक चुनौतियों के बावजूद समाज सेवा में रहते हैं आगे
शिवाजी शर्मा शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद वर्षों से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं. वे अपना अधिकांश समय गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा जनहित से जुड़े सामाजिक कार्यों में व्यतीत करते हैं. उनकी इसी अटूट सेवा भावना, दृढ़ संकल्प और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए चयन समिति द्वारा उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया.
भगवानपुर प्रखंड में खुशी की लहर, लोगों ने दी बधाई
शिवाजी शर्मा को बिहार गौरव अवार्ड मिलने की सूचना जैसे ही क्षेत्र के ग्रामीणों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिली, पूरे प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों ने इसे ओरगांव गांव और भगवानपुर प्रखंड के लिए अत्यंत गौरव का क्षण बताया और उन्हें फोन व व्यक्तिगत रूप से मिलकर बधाई दी. ग्रामीणों का कहना है कि शारीरिक बाधाओं को मात देकर समाज सेवा की अलख जगाने वाले शिवाजी शर्मा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इस सम्मान से उनके सेवा कार्यों को एक नई ऊर्जा मिलेगी.
