चार माह में मतदाता सूची में एक भी नाम जोड़ने व विलोपित नहीं करने पर कार्रवाई की लटकी तलवार # मोहनिया व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ के साथ हुई समीक्षा बैठक मोहनिया सदर. पहली जनवरी से 21 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने व मृत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से विलोपित करने सहित मतदाता सूची से संबंधित अन्य कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने मोहनिया प्रखंड के 32 व कुदरा प्रखंड के 34 बीएलओ से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया है. उपरोक्त दोनों प्रखंड मोहनिया 204 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत आते है. उक्त सभी 66 बीएलओ की इस लापरवाही को लेकर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी का तेवर काफी तल्ख दिखा. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि स्पष्टीकरण के 24 घंटे के अंदर संतोषजनक जवाब देना सुनिश्चित करेंगे, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगे. उन्होंने कहा कि यदि किसी बीएलओ ने इस मामले में गलत जानकारी देकर स्पष्टीकरण से बचने की कोशिश की और चुनाव आयोग की साइट से प्रत्योत्तर का सही मिलान नहीं हुआ, तो उनको बिल्कुल भी बख्शा नहीं जायेगा. वैसे बीएलओ की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जायेगी. चुनाव आयोग से संबंधित किसी भी कार्य में किसी तरह की कोई शिथिलता अक्षम्य है, जिसे क्षमा नहीं किया जा सकता है. इस मामले में उपस्थित बीएलओ से जब एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी से चार महीने में मतदाता सूची से संबंधित एक भी कार्य नहीं करने का कारण पूछा गया, तो कुछ बीएलओ ने लड़खड़ाते शब्दों में कहा कि हुजूर ऑफलाइन आवेदन लिया गया है. कुछ को ऑनलाइन भी किया गया है, लेकिन वह साइट पर शो नहीं कर रहा है. इतना सुनने के बाद एसडीएम ने कहा कि हम आपकी बात से यदि कुछ समय सहमत भी हो सकती हूं अपना ऑफलाइन आवेदन प्राप्ति का रजिस्टर दिखा दिजिए, लेकिन कोई बीएलओ स्पष्ट नहीं कर सका. इस पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने व मृतकों के अलावा जो बच्चियां शादी होकर अपने ससुराल चली गयी है, उनका नाम मतदाता सूची से विलोपित करना सुनिश्चित करें. साथ ही दोहरी प्रविष्टि पर विशेष नजर रखें. गलती से भी ऐसा नही होना चाहिए कि एक मतदाता का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर मतदाता सूची में अंकित हो जाये. किसी भी वोटर का नाम, पता या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसमें सुधार करना सुनिश्चित करें. लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़वाने और उनके मताधिकार के विषय में उनको जागरुक करें. वहीं, रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर कमलाकांत त्रिवेदी ने समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी बीएलओ को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही नही करें, कार्य करते हुए कोई समस्या आती है तो उसको संबंधित अधिकारी से साझा करें, उसका निदान होगा. लेकिन कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए. इन बूथों के बीएलओ से होगा स्पष्टीकरण # मोहनिया प्रखंड # मतदान केंद्र संख्या 22, 30, 44, 54, 55, 58, 60,74, 81, 82, 85, 86, 87, 89, 96, 105, 107, 111, 156, 157, 166, 167, 168, 175, 182, 188, 189, 190, 191, 197, 201, 205 # कुदरा प्रखंड # मतदान केंद्र संख्या 209, 216, 217, 224, 225, 231, 234, 237, 238, 239, 243, 248, 249, 250, 251, 252, 257, 259, 261, 263, 268, 271, 274, 284, 286, 287, 288, 290, 295, 325, 340, 344, 350, व 354 का नाम शामिल है.
एसडीएम का तेवर तल्ख, मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के 66 बीएलओ से होगा स्पष्टीकरण
चार माह में मतदाता सूची में एक भी नाम जोड़ने व विलोपित नहीं करने पर कार्रवाई की लटकी तलवार
