Kaimur News : सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय, भभुआ ने स्नातक कला एवं विज्ञान संकाय के सेमेस्टर-3 (सत्र 2025-2029) के छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा की वेबसाइट पर सेमेस्टर-3 का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म 10 सितंबर तक भरा जायेगा. ऑनलाइन आवेदन के बाद छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज में आवश्यक दस्तावेज, परीक्षा प्रपत्र और शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा.
सिर्फ ऑनलाइन फॉर्म भरना पर्याप्त नहीं
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने से आवेदन पूरा नहीं माना जायेगा. विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म, नामांकन प्रपत्र और शुल्क की रसीद की छायाप्रति के साथ कॉलेज कार्यालय में उपस्थित होकर सत्यापन कराना होगा. निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर आवेदन अधूरा माना जा सकता है.
12 सितंबर तक कॉलेज में जमा होंगे प्रपत्र
महाविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार 2 सितंबर से 12 सितंबर तक कॉलेज कार्यालय में परीक्षा प्रपत्र, नामांकन प्रपत्र, प्रेषण शुल्क और प्रायोगिक शुल्क स्वीकार किये जायेंगे. छात्रों को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के साथ कॉलेज की वेबसाइट svpcollegebhabua.org पर भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
150 रुपये प्रेषण शुल्क, प्रायोगिक विषय वालों को 600 रुपये अतिरिक्त
कॉलेज प्रशासन के अनुसार सभी छात्र-छात्राओं के लिए प्रेषण शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है. जिन विद्यार्थियों के विषय में प्रायोगिक परीक्षा शामिल है, उन्हें 600 रुपये प्रायोगिक शुल्क भी जमा करना होगा. महाविद्यालय ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा करने की अपील की है.
अंकपत्र और पंजीयन पत्र की प्रति जरूरी
परीक्षा फॉर्म के साथ छात्रों को सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-2 के अंकपत्र की छायाप्रति, पंजीयन पत्र की प्रति और पहचान पत्र की छायाप्रति जमा करनी होगी. इसके अलावा एससी, एसटी और बीसी-1 वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य किया गया है. सभी छात्रों को नो ड्यूज प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा.
विषय में गलती हुई तो पहले कराना होगा सुधार
कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा फॉर्म में चयनित विषयों का मिलान नामांकन फॉर्म से जरूर कर लें. दोनों फॉर्म में विषय को लेकर किसी तरह का अंतर मिलने पर कंप्यूटर काउंटर संख्या 2 और 5 पर जाकर पहले सुधार कराना होगा. इसके बाद ही आवेदन स्वीकार किया जायेगा.
शिक्षक से जांच के बाद ही जमा करें फॉर्म
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को परीक्षा फॉर्म जमा करने से पहले सभी दस्तावेजों की जांच कराने की सलाह दी है. विद्यार्थियों को अपने प्रतिष्ठा (ऑनर्स) विषय के शिक्षक से परीक्षा फॉर्म और नामांकन फॉर्म की जांच करानी होगी. जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित कंप्यूटर काउंटर पर फॉर्म जमा करना होगा.
प्राचार्य ने अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की दी सलाह
प्राचार्य एसपी शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें. समय रहते ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर लें, ताकि परीक्षा में शामिल होने के दौरान किसी तरह की परेशानी या बाधा उत्पन्न न हो.
