दुर्गावती प्रखंड के धनेछा उच्च विद्यालय परिसर में रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श स्कूल का शुभारंभ हुआ. बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विकसित इस मॉडल स्कूल का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री ने राज्य के 551 मॉडल स्कूलों के साथ एक साथ किया. उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में स्थानीय स्तर पर भी समारोह आयोजित किया गया.
शिलापट्ट का अनावरण, फीता काटकर हुआ औपचारिक शुभारंभ
मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के बाद रामगढ़ विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद फीता काटकर और नारियल फोड़कर विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस दौरान विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
छात्रों ने लाइव सुना मुख्यमंत्री का संबोधन
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. सभी ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुना. इसी के साथ विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की भी शुरुआत हो गई.
नीट-जेईई की तैयारी से लेकर स्मार्ट क्लास तक की मिलेगी सुविधा
वक्ताओं ने कहा कि मॉडल स्कूल बनने के बाद विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, बेहतर शिक्षण वातावरण और डिजिटल संसाधनों का लाभ मिलेगा. साथ ही नियमित पढ़ाई के अलावा नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीओ अभिषेक कुमार, जिला पार्षद दीपक यादव, प्राचार्य जयप्रकाश चौधरी, मुखिया राम अवध यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
