सड़क हादसे में पिता की मौत के पांच माह बाद भी नहीं मिला मुआवजा, एसपी से लगाई गुहार

Kaimur News :  14 जनवरी को गोबरछ गांव के नहर के समीप भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगी मिट्टी लदी एक हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी.

Kaimur News :  भगवानपुर थाना क्षेत्र के महवार गांव निवासी राहुल गिरी ने अपने पिता की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में न्याय एवं मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में आवेदन सौंपा.

राहुल गिरी ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय धर्म गिरी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. 14 जनवरी 2026 की शाम वह पढ़ौती क्षेत्र से साइकिल पर मजदूरी कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोबरछ गांव के नहर के समीप भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगी मिट्टी लदी एक हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी.

मंत्री ने घर पहुंच दिया था मुआवजे का आश्वासन

पीड़ित ने बताया कि दुर्घटना के बाद भगवानपुर थाना पुलिस के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) भी मौके पर पहुंचे थे. दोनों अधिकारियों ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया था.

उन्होंने बताया कि घटना के कुछ दिनों बाद बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान भी उनके घर पहुंचे थे और जल्द मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया था. इसके अलावा तत्कालीन जनप्रतिनिधियों एवं अन्य नेताओं ने भी आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था.

संबंधित अधिकारी से गुहार लगाई, लेकिन पहल नहीं

राहुल गिरी का कहना है कि उनके पिता की मृत्यु को लगभग पांच माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिवार को किसी प्रकार की सरकारी सहायता या मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है. इसके कारण परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. पीड़ित ने एसपी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने तथा मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read: तेज बारिश से लालापुर सड़क बनी झील, डेढ़ करोड़ के नाले के बाद भी जलजमाव से लोग परेशान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >