Kaimur News : (मैनुद्दीन शाह) दुर्गावती प्रखंड के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय खजुरा में कार्यरत सफाईकर्मी विधवा महिला शाहजहां बेगम को पिछले सात महीने से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है. वेतन भुगतान नहीं होने से महिला आर्थिक तंगी से जूझ रही है और परिवार के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है. पीड़िता दुर्गावती थाना क्षेत्र के सरैया गांव की निवासी है.
महिला ने बताया कि वह विद्यालय में नियमित रूप से सफाईकर्मी का कार्य कर रही है, लेकिन बीते सात महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया. कई बार विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है.
बेटी की शादी की सता रही चिंता
शाहजहां बेगम ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है. उनके दो बेटे पूरी तरह विकलांग हैं, जबकि 18 वर्षीय बेटी की शादी की चिंता भी सताने लगी है. आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि परिवार के सामने दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है.
महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024-25 में भी कई महीनों का भुगतान लंबित रखा गया था और संबंधित कंपनी फरार हो गई थी. स्थानीय लोगों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती प्रखंड के विद्यालयों में सफाई कर्मियों का वेतन पैशन स्कील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से दिया जाता है. आरोप है कि कंपनी सफाई कर्मियों को समय पर वेतन नहीं देती, जिससे कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कंपनी से बात कर दिलाया जाएगा वेतन
इस संबंध में कंपनी के मैनेजर बृजेश कुमार पांडे ने बताया कि ऊपर से राशि नहीं आने के कारण भुगतान में देरी हो रही है. कहा कि मार्च तक का वेतन जून महीने में देने की प्रक्रिया चल रही है. वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रमेश कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित कंपनी से वार्ता कर महिला का बकाया वेतन दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read: Kaimur News: एनएच-19 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
