कैमूर में नवजात बेटे से मिलने ससुराल पहुंचे रोहतास के युवक की तालाब में डूबकर मौत, शौच के दौरान फिसला पैर

रोहतास के युवक की पछेहरा गांव में ताल में डूबने से मौत हो गई. वह अपनी पत्नी और नवजात बच्चे से मिलने ससुराल आया था. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है.

बेलांव थाना क्षेत्र के पछेहरा गांव में बुधवार की देर शाम ताल में डूबने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के चमरहा गांव निवासी रौशन कुमार, पिता बिपिन पासवान के रूप में हुई है. रौशन अपनी पत्नी और नवजात बेटे से मिलने ससुराल आये थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

नवजात बेटे से मिलने ससुराल आये थे रौशन

जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार की शादी करीब दो वर्ष पूर्व पछेहरा गांव निवासी छठु पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी से हुई थी. दो महीने पहले खुशबू ने बेटे को जन्म दिया था. डिलीवरी के बाद वह नवजात बच्चे के साथ मायके में रह रही थी. इसी दौरान रौशन पत्नी और बच्चे से मिलने पछेहरा गांव पहुंचे थे.

शौच के दौरान ताल के किनारे फिसला पैर

घटना बुधवार की रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है. मृतक के साले अजय कुमार ने बताया कि रौशन शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान अंधेरे में ताल के किनारे उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गये. अंधेरा होने के कारण तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी.

ग्रामीणों ने ताल से निकाला शव

कुछ देर बाद गांव की महिलाएं ताल की ओर गयीं, तो पानी में किसी व्यक्ति के डूबे होने की जानकारी हुई. महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पानी से बाहर निकाला. हालांकि तब तक रौशन कुमार की मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही बेलांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को ताल से बाहर निकलवाया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

शव मिलने के बाद परिजन उसे लेकर रोहतास जिले के चमरहा गांव पहुंचे, जहां मृतक का अंतिम संस्कार किया गया. युवक की मौत से पछेहरा और चमरहा दोनों गांवों में शोक का माहौल है. नवजात बच्चे के पिता की अचानक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं. पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

कैमूर में अंधविश्वास ने ली 65 वर्षीय महिला की जान, डायन के शक में पीट-पीटकर हत्या, दो महिलाएं गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raju kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >