कैमूर: सड़क बनी तालाब तो लोगों ने रोपा धान, NH-19 की सर्विस रोड पर अनोखा विरोध; कारोबार चौपट, हादसों से आक्रोश

कैमूर के मोहनिया में NH-19 की सर्विस रोड पर जलजमाव से परेशान लोगों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर धान रोपकर प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश।

Kaimur News : दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 से सटी मोहनिया की सर्विस रोड इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी और दुकानदारों के लिए चिंता का सबब बनी हुई है. करीब दो माह से सड़क पर जलजमाव और जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. लगातार पानी जमा रहने से पूरी सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है. हालात से नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क पर ही धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया.

दो महीने से पानी में डूबी सड़क, गड्ढों का पता लगाना मुश्किल

स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. पानी जमा रहने के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते. ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अक्सर गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. लोगों का दावा है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं. इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हुई है.

सड़क पर धान रोपकर लोगों ने जताया आक्रोश

लगातार परेशानी से नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को जलजमाव से भरी सर्विस रोड को ही खेत मान लिया. लोगों ने सड़क पर धान की रोपाई कर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि जब सड़क महीनों से पानी में डूबी है और इसे दुरुस्त नहीं किया जा रहा, तो यहां सड़क के बजाय धान की खेती ही कर ली जाए.

जलजमाव से दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित

धान की रोपाई कर विरोध जताने वाले मखू मिस्त्री ने कहा कि सड़क पर पानी जमा रहने से ग्राहक और वाहन दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. इसका सीधा असर उनके रोजगार पर पड़ा है. लंबे समय से कारोबार प्रभावित होने के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो रही है. उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर कई बार परेशानी झेलनी पड़ी, लेकिन समाधान नहीं हुआ. मजबूर होकर सड़क पर धान रोपकर विरोध करना पड़ा.

ग्राहक नहीं पहुंच रहे, घट गया कारोबार

स्थानीय व्यवसायी दीपक कुमार ने कहा कि NH-19 के किनारे स्थित यह सर्विस रोड काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी स्थिति बेहद खराब हो गयी है. लगातार जलजमाव के कारण दुकानों तक ग्राहकों की आवाजाही कम हो गयी है. इससे आसपास के व्यवसायियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है.

'सड़क और नाले में अंतर करना मुश्किल'

स्थानीय निवासी सुमित गुप्ता ने व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि एक ओर विकसित भारत और बेहतर सड़कों की बातें की जाती हैं, वहीं मोहनिया की इस सर्विस रोड की स्थिति ऐसी है कि सड़क और नाले में अंतर करना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है.

NHAI और जनप्रतिनिधियों से स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने NHAI, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सर्विस रोड की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. लोगों ने तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था करने, सड़क के गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो दुर्घटनाओं के साथ आम लोगों और स्थानीय व्यापारियों की परेशानी और बढ़ सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >