Kaimur News : रामपुर प्रखंड में पंचायत स्तर पर परिसीमन का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. इसके तहत पंचायतों के सभी राजस्व गांवों के आबादी क्षेत्र (EB) का भौतिक सत्यापन कर डिजिटल तरीके से सीमांकन किया जा रहा है. मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से गांवों की चारों दिशाओं, चारों कोनों और बीच के सेंटर पॉइंट की लोकेशन दर्ज की जा रही है.
पसाई पंचायत में मोबाइल से किया जा रहा सीमांकन
बुधवार को पसाई पंचायत के विभिन्न गांवों में पर्यवेक्षक चंद्रशेखर आजाद और सहायक कर्मी सोनू कुमार द्वारा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सीमांकन का कार्य किया गया. कर्मियों ने बताया कि लगातार बारिश और खेतों में जलजमाव के कारण कई गांवों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है. इसके बावजूद निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.
सात सितंबर तक पूरा होना है परिसीमन का कार्य
बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने बताया कि पंचायत परिसीमन का कार्य एक सितंबर से सात सितंबर तक चलेगा. इस अवधि में प्रखंड की सभी पंचायतों के सभी राजस्व गांवों का भौतिक सत्यापन कर डिजिटल सीमांकन किया जाना है. इसके लिए संबंधित कर्मियों को क्षेत्र में जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है.
पंचायत चुनाव और प्रशासनिक सुविधा के लिए हो रहा सीमांकन
बीडीओ ने बताया कि पंचायत परिसीमन का कार्य आगामी पंचायत चुनाव और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है. डिजिटल सीमांकन के बाद पंचायतों की भौगोलिक स्थिति और गांवों की सीमाएं अधिक स्पष्ट हो सकेंगी. इससे भविष्य में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
चारों दिशा और सेंटर पॉइंट की ली जा रही लोकेशन
पर्यवेक्षक चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से गांव की उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम दिशा के साथ-साथ चारों कोनों और बीच के सेंटर पॉइंट की लोकेशन ली जा रही है. इन लोकेशन के आधार पर गांव की सटीक सीमा का डिजिटल निर्धारण किया जाएगा.
बारिश के बीच ग्रामीणों से सहयोग की अपील
परिसीमन कार्य में लगातार बारिश और जलजमाव के कारण कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने की कोशिश की जा रही है. कर्मियों ने ग्रामीणों से भी सीमांकन के दौरान आवश्यक सहयोग करने की अपील की है.
