Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही छोटे बच्चे नए कपड़े पहनकर भाई की कलाई पर राखी बंधवाने को लेकर उत्साहित दिखे. वहीं बहनें भी राखी की थाली सजाने और पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं.
शुभ मुहूर्त शुरू होते ही भाई की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र
शास्त्रोक्त विधि और पंडितों द्वारा बताए गये शुभ मुहूर्त के अनुसार राखी बांधने का सिलसिला शुरू हुआ. कहीं भाई अपनी बहन के घर पहुंचकर राखी बंधवाते दिखे, तो कहीं बहनें मायके पहुंचकर भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती नजर आयीं. सुबह से देर शाम तक यह सिलसिला चलता रहा.
आरती, तिलक और मिठाई के बाद बांधी राखी
बहनों ने पूजा की थाली में आरती और तिलक सामग्री के साथ रक्षा सूत्र और मिठाई सजायी. शुभ मुहूर्त में पहले भाइयों की आरती उतारी गयी और तिलक लगाया गया. इसके बाद मिठाई खिलाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी गयी. बहनों ने भाई के सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की, वहीं भाइयों ने जीवनभर बहन की रक्षा और स्नेह बनाए रखने का संकल्प लिया.
भाई ने बहनों को दिया उपहार, घरों में बने पकवानों का लिया आनंद
रक्षाबंधन के अवसर पर भाइयों ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार बहनों को रुपये और विभिन्न प्रकार के उपहार भेंट किये. त्योहार को लेकर घरों में तरह-तरह के पकवान भी बनाये गये. परिवार के सदस्यों ने एक साथ बैठकर पकवानों का आनंद लिया और त्योहार की खुशियां साझा कीं.
राखी बांधने निकले लोगों से सड़कों पर बढ़ी भीड़, दिनभर जाम
रक्षाबंधन के कारण कुदरा की सड़कों पर पूरे दिन वाहनों और लोगों की भीड़ रही. बाइक से भाई-बहन के घर जाने वाले लोगों को कई जगह जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा. यातायात व्यवस्था संभालने और जाम हटाने के लिए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
