कैमूर: सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को पर्चा देने समेत 14 सूत्री मांगों पर गरजे मजदूर, चैनपुर में धरना

बिहार के कैमूर जिले में मजदूरों और ग्रामीणों ने अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. उन्होंने सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को मालिकाना हक देने और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया.

Kaimur News: जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित चबूतरे पर मंगलवार को बिहार प्रांतीय खेतिहर एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की चैनपुर प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड परमेश्वर राम ने की. अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर मजदूरों और ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग उठाई.

बाजार से प्रखंड मुख्यालय तक निकली रैली

धरना कार्यक्रम से पूर्व यूनियन से जुड़े दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण चैनपुर बाजार स्थित पुराने ब्लॉक परिसर में एकत्रित हुए. वहां से हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर एक विशाल रैली निकाली गई. यह रैली चैनपुर बाजार, स्थानीय थाना, बस स्टैंड और अस्पताल मार्ग से गुजरते हुए प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंची, जहां यह एक बड़ी विरोध सभा में तब्दील हो गई.

बुलडोजर कार्रवाई और प्रशासन पर तीखा हमला

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के राज्य अध्यक्ष कामरेड रंगलाल पासवान ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा, "सरकारी नियमों और सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट दिशा-निर्देशों की खुलेआम अनदेखी कर गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. सरकारी जमीन पर पीढ़ियों से बसे निर्धन परिवारों को उजाड़ने के बजाय उन्हें तुरंत बासगीत पर्चा देकर मालिकाना हक दिया जाना चाहिए."

अंचलाधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल

यूनियन के जिला मंत्री कपिलदेव राम ने स्थानीय अंचल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, "जमीन से जुड़ी समस्याओं को लेकर बार-बार लिखित आवेदन दिए जाने के बावजूद अंचलाधिकारी द्वारा अब तक कोई ठोस स्थल जांच नहीं कराई गई है." वहीं बिहार राज्य किसान सभा के जिला मंत्री भीम सिंह ने किसानों की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए घोषणा की कि देशभर के किसानों की मांगों को लेकर आगामी 26 नवंबर को दिल्ली का घेराव किया जाएगा.

बीडीओ और सीओ को सौंपा ज्ञापन

विरोध सभा के समापन के बाद प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) को 14 सूत्री मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा. प्रशासन से गरीबों को आवास, जमीन का पर्चा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई. इस मौके पर मनोहर राम, बृजेश कुमार सिंह, राजू चौहान, महेंद्र राम, अनीता देवी, लूंगी देवी और अंजोरी देवी समेत बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read: कैमूर: बाइक के सामने अचानक दौड़ा कुत्ता, अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी महिला; इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रविशंकर सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >