Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान कुल 245 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद की गयी. शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो होंडा साइन बाइक भी पुलिस ने जब्त की है. वहीं, तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने वाले दो लाइनरों की तलाश में छापेमारी जारी है.
बाइक से शराब लेकर पहुंचा था तस्कर, 161 पीस बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इलिया की ओर से बाइक पर शराब की खेप लेकर एक तस्कर आ रहा है. इसके बाद सतौना-हाटा नहर के समीप पुलिस ने घेराबंदी की. इसी दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पीछा कर उसे पकड़ लिया गया. तलाशी में उसके पास से 135 पीस और बाइक की डिक्की से 26 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई.
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार केसरी, पिता सत्यनारायण केसरी के रूप में हुई. पूछताछ में उसने इलिया से शराब लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की बात स्वीकार की. उसने पुलिस को बताया कि उसकी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए दो लोग लाइनर के रूप में काम करते हैं.
मझुई में घर से मिली शराब
दूसरी कार्रवाई मझुई में की गयी. सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार चौधरी, पिता इंद्र चौधरी के घर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से 36 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से रवि कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया.
गाजीपुर में बक्से से बरामद हुई शराब
तीसरी कार्रवाई गाजीपुर में की गयी. पुलिस को छेदी बिंद, पिता शिवमूरत बिंद द्वारा शराब बिक्री किये जाने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम के पहुंचते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. उसकी निशानदेही पर घर में रखे लोहे के बक्से से 48 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई. मौके पर खड़ी बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली.
दो लाइनरों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि तीनों कार्रवाई में कुल 245 पीस देसी शराब बरामद की गयी और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. शराब तस्करी में इस्तेमाल दो बाइक जब्त की गयी हैं. तस्करी में सहयोग करने वाले दो लाइनरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों की मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
