Kaimur News : नगर पंचायत रामगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के कई लाभुक पहली किस्त मिलने के बाद दूसरी किस्त की राशि का इंतजार कर रहे हैं. दूसरी किस्त नहीं मिलने के कारण निर्माणाधीन मकानों का काम अधूरा पड़ा है. बारिश के मौसम में अधूरे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की परेशानी और बढ़ गयी है. इसे लेकर नगर पंचायत के समाजसेवी सोनू गुप्ता ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र देकर लंबित दूसरी किस्त की राशि शीघ्र लाभुकों के खातों में भेजने की मांग की है.
पहली किस्त मिलने के बाद शुरू कराया गया था निर्माण
समाजसेवी सोनू गुप्ता ने पत्र में कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र के कई लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त की राशि मिलने के बाद मकान निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था. लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद दूसरी किस्त की राशि नहीं मिल सकी है. इसके कारण कई मकानों का निर्माण आधे पर ही रुक गया है.
बारिश के मौसम में बढ़ी गरीब परिवारों की परेशानी
दूसरी किस्त की राशि नहीं मिलने से अधूरे मकानों में रहने वाले परिवारों को बारिश, पानी और खराब मौसम की मार झेलनी पड़ रही है. कई गरीब परिवारों को अस्थायी व्यवस्था में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण लाभुकों को आवास योजना का अपेक्षित लाभ भी नहीं मिल पा रहा है.
Also Read : बक्सर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया हरितालिका तीज, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत
लंबित लाभुकों की सूची और निर्माण की जांच की मांग
पत्र के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र में दूसरी किस्त के लिए लंबित सभी लाभुकों की सूची तैयार कराने तथा उनके मकानों के निर्माण कार्य की स्थिति की जांच कराने की मांग की गयी है. साथ ही योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा करने अथवा निर्धारित स्तर तक निर्माण कर चुके पात्र लाभुकों को शीघ्र दूसरी किस्त की राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है.
Also Read : चौसा श्मशान घाट के विकास का रास्ता साफ, भूमि विवाद का हुआ समाधान
किस कारण लंबित है राशि, लाभुकों को मिले स्पष्ट जानकारी
सोनू गुप्ता ने मांग की है कि जिन लाभुकों की दूसरी किस्त लंबित है, उनकी राशि किस कारण से रुकी हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाये. इससे लाभुकों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिल सकेगी. उन्होंने पात्र लाभुकों के मामलों का शीघ्र निष्पादन कर लंबित राशि उनके खातों में भेजने की मांग की है.
Also Read : बक्सर में गंगा जी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे पहुंचा, दियारा क्षेत्र के लोगों ने ली राहत की सांस
