Kaimur News : रामपुर प्रखंड क्षेत्र की पसाई पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की अध्यक्षता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी सह बीइओ सह सीडीपीओ ऋतुरंजन कुमार ने इसकी देखरेख की. शिविर में पंचायत के सभी 13 वार्डों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.
30 आवेदन हुए प्राप्त, दो का मौके पर निष्पादन
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से दो आवेदनों का अधिकारियों ने ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया. वहीं, शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.
22 विभागों से जुड़ी समस्याओं की हुई सुनवाई
जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बिहार सरकार की ओर से राज्य की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए प्रखंड और जिला कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
उन्होंने बताया कि शिविर में राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, मनरेगा, जमीन संबंधी मामले, नल-जल, बिजली, कृषि अनुदान, जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र सहित 22 विभागों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की जाती है. अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनते हैं और संभव मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया जाता है.
अधिकारियों ने कर्मियों को दिये आवश्यक निर्देश
शिविर में मौजूद पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निबटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में राजस्व अधिकारी नाजमजिद, कृषि पदाधिकारी अनिल मौर्या, बीसीओ प्रशांत कुमार, पंचायत सचिव सजिद आलम, कृषि समन्वयक रमेश कुमार, विनीता सिंह, स्वच्छता समन्वयक आलोक कुमार, आपूर्ति कर्मी बनारसी शर्मा, सरपंच दीपक कुमार, ग्राम कचहरी सचिव मालती कुमारी, मुखिया शशिभूषण दुबे उर्फ अप्पू दुबे, उपमुखिया अभिनव कुमार सिंह उर्फ मुकुल सिंह, राजस्व कर्मचारी गुड्डू कुमार सहित पंचायत स्तरीय विभिन्न विभागों के कर्मी, विकास मित्र, वार्ड सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे.
पंचायत स्तर पर समाधान से ग्रामीणों को राहत
ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में अपनी समस्याएं रखने की व्यवस्था की सराहना की. ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के शिविर से अधिकारियों तक सीधे पहुंच आसान होती है और समस्याओं के समाधान में समय भी कम लगता है. अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर से प्रशासन और जनता के बीच संवाद बढ़ने के साथ पारदर्शिता भी मजबूत हो रही है.
