कैमूर में पोषण माह को लेकर जागरूकता अभियान तेज, कुपोषित बच्चों पर विशेष नजर

Kaimur News : कैमूर जिले में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए 'पोषण माह' का आयोजन किया जा रहा है. इस अभियान के तहत कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और आहार में विविधता व प्रोटीन के महत्व पर जोर दिया जाएगा.

Kaimur News : बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के बेहतर पोषण को लेकर जिले में जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है. इसके तहत ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है. जिले के विभिन्न प्रखंडों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण आधारित गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. जिले में पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है.

अति कुपोषित और अल्पवजनी बच्चों पर विशेष फोकस

पोषण माह के दौरान बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अति कुपोषित और अल्पवजनी बच्चों पर खास तौर से नजर रखी जा रही है. ऐसे बच्चों के रेफरल और फॉलोअप पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य बच्चों के बेहतर पोषण के साथ उनके समुचित विकास को सुनिश्चित करना है.

आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन पर रहेगा जोर

अभियान के दौरान आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जायेगी. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध ताजा और गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं उपयोगिता को लेकर भी समुदाय को जागरूक किया जायेगा.

पोषण के साथ बच्चों के प्रारंभिक विकास पर भी ध्यान

बाल विकास के लिए पोषण के साथ प्रारंभिक उद्दीपन को भी अभियान में शामिल किया गया है. बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, देखभाल और सीखने के अवसरों के महत्व के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी जायेगी. इसके माध्यम से बच्चों के समग्र विकास के लिए परिवारों को जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा.

मातृ स्वास्थ्य और पीएमएमवीवाई पर भी रहेगा विशेष फोकस

पोषण माह के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी विशेष रूप से काम किया जायेगा. गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, स्वास्थ्य जांच, आवश्यक देखभाल और सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी. साथ ही उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जायेगा.

आंगनबाड़ी केंद्रों को जागरूकता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण जागरूकता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करते हुए समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जायेगा. इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अलग-अलग स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. अभियान के माध्यम से परिवार और समुदाय को पोषण के प्रति जिम्मेदार बनाने तथा लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जायेगा.

समुदाय की भागीदारी से अभियान को मजबूत करने पर जोर

आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रेखा कुमारी ने बताया कि पोषण माह को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखते हुए इसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है. राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन करेंगे. आंगनबाड़ी सेविकाएं, महिला पर्यवेक्षिकाएं, प्रखंड स्तर के कर्मी और अन्य संबंधित विभाग समुदाय के साथ मिलकर जागरूकता गतिविधियों को आगे बढ़ायेंगे.

Also Read : कैमूर में शराब मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, ऑटो से 24.660 लीटर अंग्रेजी शराब समेत बीयर बरामद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >