ससुराल के बाहर 10 घंटे धरने पर बैठी निधि, कैमूर के मोहनिया में बेटी के हक के लिए लड़ रहे पिता, बोले- जगह नहीं मिली तो यहीं दे दूंगा जान

कैमूर में एक पिता को अपनी बेटी को ससुराल में प्रवेश दिलाने के लिए 10 घंटे तक धरने पर बैठना पड़ा. बेटी निधि अपने पति के साथ ससुराल में रहने की मांग कर रही थी. भावुक पिता ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी दी.

Nidhi Sits on Dharna Outside In-Laws' House : कैमूर में बेटी को अच्छे घर में विदा करने का सपना देखने वाले एक पिता के सामने रविवार को ऐसी स्थिति आ गई, जब उनकी बेटी को अपने ही ससुराल में प्रवेश के लिए दरवाजे के बाहर धरने पर बैठना पड़ा. मामला मोहनिया नगर के वार्ड संख्या 13 का है. भभुआ नगर के वार्ड संख्या 5 निवासी मनोज कुमार सिंह अपनी बेटी निधि कुमारी को लेकर करीब 11 बजे उसके ससुराल पहुंचे थे. आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद भी घर का दरवाजा नहीं खोला गया. इसके बाद निधि अपने पति और ससुराल में रहने की मांग को लेकर घर के बाहर बैठ गई.

जानकारी के अनुसार निधि की शादी 7 मार्च 2025 को मोहनिया में हुई थी. परिजनों के अनुसार, शादी में लाखों रुपये खर्च किए गए थे और पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार बेटी के सुखद भविष्य के लिए विवाह किया था. हालांकि, कुछ समय से निधि और उसके ससुराल पक्ष के बीच विवाद चल रहा है. रविवार को ससुराल पक्ष की ओर से निधि की विदाई कराने के लिए कोई नहीं पहुंचा, जिसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर उसके ससुराल पहुंचे.

10 घंटे तक दरवाजे के बाहर बैठे रहे पिता-पुत्री

ससुराल पहुंचने के बाद जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो निधि वहीं बाहर धरने पर बैठ गई. उसके साथ उसके पिता मनोज कुमार सिंह भी बैठे रहे. देखते ही देखते यह मामला आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. पिता-पुत्री करीब 10 घंटे तक घर के बाहर बैठे रहे और निधि अपने पति के साथ ससुराल में रहने की मांग करती रही.

भावुक होकर पिता ने कही आत्महत्या की बात

मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी में अपनी क्षमता से बढ़कर खर्च किया था और उम्मीद थी कि बेटी अपने ससुराल में सुखी रहेगी. लेकिन आज स्थिति ऐसी हो गई है कि उसे अपने ही ससुराल में प्रवेश के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि अगर उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला तो वह उसके साथ यहीं आत्महत्या करने को मजबूर हो सकते हैं.

कैमूर: सावठ हत्या कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, सैलून में दाढ़ी बनवाते अली को पुलिस ने दबोचा

रिश्ते बचाने के लिए प्राथमिकी नहीं करना चाहते

इस मामले में निधि और उसके पिता फिलहाल ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के पक्ष में नहीं हैं. उनका कहना है कि निधि को इसी परिवार और इसी घर में रहना है, ऐसे में रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से रिश्ते और खराब हो सकते हैं. पिता-पुत्री का कहना है कि बातचीत और आपसी सहमति से विवाद का समाधान होना चाहिए, ताकि निधि अपने ससुराल में सम्मान के साथ रह सके.

लड़के के परिवार का पक्ष सामने नहीं आया

समाचार लिखे जाने तक निधि के पति या ससुराल पक्ष की ओर से इस पूरे मामले में कोई स्पष्ट पक्ष सामने नहीं आया था. ऐसे में विवाद की वास्तविक वजह अभी साफ नहीं हो सकी है. अब सवाल यह है कि आखिर पति-पत्नी और दोनों परिवारों के बीच विवाद किस बात को लेकर है और क्या बातचीत के जरिए इसका समाधान निकल पाएगा. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि निधि को उसके ससुराल में रहने के लिए जगह मिलती है या उसे आगे भी संघर्ष करना पड़ेगा.

बालू लदे डंपर ने बिजली पोल में मारी टक्कर, कैमूर में 10 घंटे गुल रही बिजली, उमस में तड़पते रहे लोग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >