भभुआ में विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बाल अधिकार से साइबर फ्रॉड तक दी गयी कानूनी जानकारी

भगवानपुर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में नालसा योजनाओं, साइबर सुरक्षा और स्थायी लोक अदालत के महत्व के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।

Kaimur News : बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के आदेश पर रविवार को भगवानपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत भवन में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. इसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी विधिक सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी.

बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता

शिविर में नालसा बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना के तहत बच्चों के मौलिक अधिकारों पर चर्चा की गयी. बाल श्रम और बाल विवाह के उन्मूलन के साथ सुरक्षित बचपन और सुरक्षित भारत के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया.

साइबर फ्रॉड से बचाव के बताये उपाय

साइबर क्राइम 3.0 अभियान के तहत बढ़ते ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के उपाय बताये गये. ग्रामीणों को साइबर ठगी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी दी गयी. साथ ही किसी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज के जरिए बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गयी.

स्थायी लोक अदालत से मिल सकता है आसान समाधान

ग्रामीणों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया. अधिवक्ताओं ने कहा कि बिजली, पानी, टेलीफोन, मोबाइल नेटवर्क, डाक, सड़क, रेल, हवाई परिवहन, बीमा क्लेम, अस्पताल, औषधालय और बैंकिंग जैसी जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवाद स्थायी लोक अदालत में लाये जा सकते हैं. यहां संबंधित विवादों का त्वरित और सुलभ समाधान उपलब्ध कराया जाता है.

एक करोड़ रुपये तक के मामलों की सुनवाई

शिविर में बताया गया कि स्थायी लोक अदालत में एक करोड़ रुपये तक के जनोपयोगी विवादों की सुनवाई का प्रावधान है. पैनल अधिवक्ता प्रभाकर कुमार दुबे और न्याय मित्र अधिवक्ता दुर्गेश कुमार ने ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझायी.

उन्होंने कहा कि किसी भी असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति को आर्थिक परेशानी के कारण न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा. कार्यक्रम में मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि राम विलास पासवान, पीएलवी राजेश कुमार दुबे, राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पंच-सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >