कैमूर: मोहनिया में पशु तस्करी विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर चाकू से हमला; वाराणसी रेफर

कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पटना मोड़ के पास एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया है.

Kaimur News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में पशु तस्करी विवाद को लेकर रविवार को एक और हिंसक घटना सामने आई. पटना मोड़ के समीप एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

5-6 लोगों ने घेरकर किया हमला

घायल की पहचान आवारी गांव निवासी आकाश राठौर, पिता पियूष सिंह, के रूप में हुई है. घायल युवक ने बताया कि रविवार सुबह पशु तस्करी के विवाद को लेकर पटना मोड़ के पास 5 से 6 लोगों ने उसे घेर लिया. आरोप है कि पहले ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, फिर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

जान बचाकर भागा, लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

आकाश राठौर ने बताया कि हमले के बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर उगहनीडीह की ओर भागा. वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.

सुबह की घटना से जुड़ रहा मामला

गौरतलब है कि रविवार सुबह ही एनएच-319 पर घेघिया के पास मवेशी लेकर जा रहे एक युवक की पशु तस्करी के आरोप में कुछ लोगों ने पिटाई कर दी थी. इस घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम भी किया था. अब शाम को हुए चाकूबाजी के मामले को पुलिस उसी विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एक युवक को चाकू मारने का मामला सामने आया है. घायल ने प्रारंभिक पूछताछ में पशु तस्करी विवाद में हमला होने की बात कही है. पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod kumar singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >