Kaimur Weapons and Liquor Viral Video: जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार और शराब से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद मोहनिया पुलिस हरकत में आ गई है. वायरल वीडियो में कुछ युवक हथियार लहराते हुए तथा शराब की पेटियों के कार्टन के पास बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो मोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है. हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर द्वारा नहीं की जा रही है कि यह वीडियो कब और कहां का है. यह वीडियो टेलीग्राम सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है. वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान, हथियार, शराब और युवकों की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस के संज्ञान में आया वायरल वीडियो
इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. पुलिस वीडियो की तकनीकी जांच के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
वीडियो की सत्यता और युवकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच करते हुए इसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान और वायरल वीडियो के स्रोत का पता लगाने में जुटी है. पुलिस जांच के बाद ही वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार, शराब और स्थान के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
