शहर में चार जगहों पर लगाये जा रहे आधुनिक वाटर एटीएम, मिलेगा मुफ्त ठंडा आरओ पानी

नगर पंचायत की नयी पहल, राहगीरों व स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में मिलेगी बड़ी राहत

#नगर पंचायत के डड़वा, भभुआ रोड, समता भवन व पीडब्ल्यूडी गेट के पास किया गया चिह्नित नगर पंचायत की नयी पहल, राहगीरों व स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में मिलेगी बड़ी राहत . मोहनिया शहर. गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर वाटर एटीएम लगाये जा रहे हैं. इससे लोगों को नि:शुल्क शुद्ध ठंडा आरओ पानी मिल सकेगा. नगर पंचायत क्षेत्र में गर्मी को देखते हुए राहगीरों व शहरवासियों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर वाटर एटीएम लगाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए नगर पंचायत द्वारा जगह चिह्नित कर ली गयी है व जल्द ही मशीनें स्थापित की जायेंगी. वाटर एटीएम मशीनें जिन स्थानों पर लगायी जानी हैं, उनमें पीडब्ल्यूडी गेट के समीप, डड़वा, भभुआ रोड व समता भवन के पास का क्षेत्र शामिल है. इन मशीनों से लोगों को शुद्ध आरओ का ठंडा पानी नि:शुल्क उपलब्ध कराया जायेगा. यहां मशीनें स्थापित करने की कवायद भी शुरू कर दी गयी है. जानकारी के अनुसार, प्रत्येक वाटर एटीएम में तीन-तीन नल (टोटी) लगाये गये हैं, ताकि एक साथ कई लोग पानी ले सकें. इसे स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य गर्मी शुरू होने से पहले राहगीरों व स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है. # क्या है वाटर एटीएम # वाटर एटीएम एक स्वचालित पानी वितरण मशीन होती है. इसमें आरओ सिस्टम लगा होता है, जिससे पानी शुद्ध किया जाता है. मशीन से ठंडा व स्वच्छ पेयजल लोगों को आसानी से मिल जाता है. कई जगहों पर यह कार्ड या सिक्के से चलता है, लेकिन मोहनिया में यह सुविधा नि:शुल्क होगी. यहाे से लोग आरओ का शुद्ध ठंडा पानी पी सकेंगे व साथ ही इसे बर्तनों में भी भर सकेंगे. इससे पहले चांदनी चौक से स्टेशन तक पानी के लिए लोग काफी परेशान थे. # क्या कहते हैं इओ # नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने बताया कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के चार स्थानों पर वाटर एटीएम मशीनें लगायी जा रही हैं. इससे लोगों को शुद्ध आरओ का ठंडा पानी मुफ्त में मिलेगा व गर्मी के दिनों में काफी राहत मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >