कैमूर में आपसी विवाद में मारपीट, घायल की वाराणसी में मौत, तीन गिरफ्तार

रामगढ़ के ईसरी गांव में जमीनी विवाद के चलते हुई मारपीट में घायल रामाशंकर साह की वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Kaimur News : कैमूर जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ईसरी गांव में पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल रामाशंकर साह की इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में गुरुवार की देर रात मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.

पत्नी ने पांच लोगों के खिलाफ दर्ज करायी प्राथमिकी

मृतक की पत्नी पुतुल देवी ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने प्राथमिकी के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों में कृष्णा साह, उनके पुत्र चंदन साह और कौशल्या देवी शामिल हैं. मामले में दो अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं.

जमीन विवाद के बाद दोनों पक्षों में हुई हिंसक झड़प

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पट्टीदारों के बीच विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले. मारपीट में रामाशंकर साह के अलावा दूसरे पक्ष के कृष्णा साह और चंदन साह भी गंभीर रूप से घायल हुए.

रेफरल अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया

घटना के बाद परिजनों ने तीनों घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान रामाशंकर साह ने गुरुवार की देर रात दम तोड़ दिया.

दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. फरार दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay jaiswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >