Savath Panchayat Waterlogging Problem : दुर्गावती प्रखंड की सावठ पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित महादलित बस्ती में जल निकासी की समस्या गंभीर होती जा रही है. सरकारी पोखरा का पानी बाहर नहीं निकलने से सड़क और आसपास के इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई है. इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 18 जुलाई को प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर शीघ्र समाधान की मांग की है.
सड़क पर बह रहा पोखरे का गंदा पानी
ग्रामीणों के अनुसार महादलित बस्ती के पास स्थित सरकारी पोखरा में तीन तरफ से पानी जमा रहता है. वर्षों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पोखरे का पानी सड़क पार करते हुए गांव की ओर बह रहा है. बरसात के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है.
संक्रामक बीमारियों का मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है. सड़क पर जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है.
बाहा से जोड़ने की उठी मांग
बसंतपुर निवासी युवा समाजसेवी अनिल यादव उर्फ सोनू यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पोखरे के उत्तर दिशा में बाहा (जल निकासी मार्ग) मौजूद है. यदि पोखरे की निकासी को बाहा से जोड़ दिया जाए तो जलभराव की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सकती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है.
