कुदरा. कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत के रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अंडरब्रिज हमेशा जाम रहता है. इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. अंडरब्रिज के अंदर और बाहर टैक्सियां खड़ी रहती हैं. इनके खिलाफ शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
अंडरब्रिज में टैक्सियों और निजी वाहनों से परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के सामने फोरलेन सड़क के अंडरब्रिज में हमेशा टैक्सियां और निजी वाहन खड़े होते हैं. इसके चलते अंडरब्रिज का रास्ता काफी संकीर्ण हो जाता है. अंडरब्रिज में ही ठेला वाले ठेला लगाकर दुकान लगाते हैं. इससे दोनों तरफ से छोटे वाहनों को भी आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है.
सर्विस सड़क पर भी खड़ी रहती हैं टैक्सियां
अंडरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस सड़क पर भी टैक्सियां खड़ी रहती हैं. इसके चलते सर्विस सड़क और अंडरब्रिज से गुजरना काफी मुश्किल हो जाता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहनों और ठेलों के कारण यहां यातायात की समस्या बनी रहती है.
स्कूल बसों के जाम में फंसने से बच्चों को परेशानी
स्कूल आने और जाने के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है. स्कूली बसें घंटों जाम में फंसी रहती हैं. इसके चलते बच्चों को स्कूल जाने और स्कूल से घर आने में काफी विलंब हो जाता है.
जाम को लेकर लोगों में होती है तू तू में में
अंडरब्रिज में लगातार जाम की स्थिति को लेकर अक्सर लोगों में तू तू में में होती रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन सड़क पार करने के लिए शहर में अंडरब्रिज ही एक रास्ता है. ऐसे में अंडरब्रिज के जाम रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है.
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए शहरवासियों ने अनेक बार संबंधित पदाधिकारी से गुहार लगायी है. इसके बावजूद वर्षों से इस विकट समस्या का अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका है. इससे शहरवासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है.
