कैमूर में घर में कचरा फेंकने के विवाद में फाइटर से हमला, युवक की आंख के पास लगी गंभीर चोट; पांच पर आरोप

रामपुर के कुड़ारी गांव में पांच साल पुराने विवाद के चलते युवक ने फाइटर से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Kaimur News : कैमूर जिला के रामपुर के करमचट थाना क्षेत्र के कुड़ारी गांव में घर में कचरा फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. पीड़ित का आरोप है कि एक युवक ने फाइटर लगे मुक्के से उसकी आंख के पास वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और चेहरे से खून बहने लगा. ग्रामीणों ने उसे रामपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. मामले में पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ करमचट थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.

पांच साल से कचरा फेंकने का लगाया आरोप

पीड़ित रामभूषण उपाध्याय उर्फ हीरा उपाध्याय, निवासी कुड़ारी गांव, ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने तमीजुद्दीन अंसारी का मकान है. उनका आरोप है कि करीब पांच वर्षों से तमीजुद्दीन के परिवार के लोग छत से ईंट-पत्थर, मुर्गे के पंख और हड्डियां उनके घर में फेंकते रहे हैं. विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

घर लौटते ही शुरू हुआ विवाद

पीड़ित के अनुसार, चार अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह खेत से घर लौटे थे. इसी दौरान उन्होंने देखा कि तमीजुद्दीन अंसारी की दो बेटियां उनके घर में ईंट-पत्थर फेंक रही थीं. उन्होंने इसका विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद पांच लोगों ने घर से बाहर निकलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

फाइटर वाले मुक्के से आंख के पास किया वार

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान तमीजुद्दीन अंसारी का पुत्र जुगनू अंसारी हाथ में फाइटर लगाकर पहुंचा और फाइटर वाले मुक्के से उनकी आंख के पास वार कर दिया. हमले में आंख के पास गंभीर चोट लगी और चेहरे से खून बहने लगा. पीड़ित के अनुसार, वह मौके पर ही बेहोश हो गये.

रामपुर पीएचसी से सदर अस्पताल रेफर

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल रामभूषण उपाध्याय को आनन-फानन में रामपुर पीएचसी पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

केस करने पर धमकी देने का भी आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यदि पुलिस में केस किया तो जान से मार देंगे. साथ ही रेप केस में फंसाकर जेल भेजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़ित ने तमीजुद्दीन अंसारी सहित पांच लोगों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

आवेदन मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस

करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raju kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >