भभुआ नगर के चांद प्रखंड स्थित खरांटी खुर्द गांव की वर्षों पुरानी जर्जर सड़क की समस्या अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गई है. ग्रामीणों की आमरण अनशन की चेतावनी और सड़क की बदहाली का मुद्दा सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए बिहार सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है.
डीएम से मुलाकात के बाद गांव पहुंची टीम
ग्रामीणों द्वारा जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग से मुलाकात करने के अगले ही दिन अधिकारियों और अभियंताओं की संयुक्त टीम खरांटी खुर्द गांव पहुंची. टीम ने सड़क की स्थिति का जायजा लिया और पूरे मार्ग का तकनीकी निरीक्षण किया. ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की भी जानकारी ली गई.
प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद पहल
जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आवाज उठा रहे थे. सड़क की बदहाली से ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही थी. इस मुद्दे को प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने और ग्रामीणों की ओर से आमरण अनशन की घोषणा के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई तेज की.
डीएम के निर्देश पर हुआ तकनीकी मुआयना
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चांद और ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर सड़क का तकनीकी आकलन किया. अधिकारियों ने सड़क की वास्तविक स्थिति को देखा और आवश्यक जानकारी जुटाई. प्रशासन ने सड़क की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
न्यू टर्निंग पॉइंट से मरेरिया टोला तक बनेगी सड़क
ग्रामीण कार्य विभाग ने प्रस्तावित सड़क का तकनीकी सर्वे पूरा कर अधियाचना तैयार कर ली है. प्रस्ताव के अनुसार न्यू टर्निंग पॉइंट से मरेरिया टोला तक बासा महदैच होते हुए खरांटी रोड का निर्माण किया जाएगा. प्रस्तावित सड़क की लंबाई करीब दो किलोमीटर होगी. मार्ग की हैबिटेशन सर्वे आईडी 109587 दर्ज की गई है.
बरसात में राहत के लिए पैचवर्क शुरू
स्थायी सड़क के निर्माण में समय लगने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर पैचवर्क का काम शुरू करा दिया है. गड्ढों की मरम्मत कर सड़क को फिलहाल आवागमन के लायक बनाया जा रहा है. इससे बरसात के दौरान ग्रामीणों, छात्रों, मरीजों और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है.
ग्रामीण कार्य विभाग को भेजी गई अनुशंसा
जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने तकनीकी सर्वे और अधियाचना के आधार पर सचिव, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार को अनुशंसा पत्र भेजा है. इसमें प्रस्तावित सड़क योजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया है.
सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी
प्रशासन के अनुसार सड़क निर्माण योजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने के बाद खरांटी खुर्द की वर्षों पुरानी सड़क समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा. फिलहाल पैचवर्क शुरू होने से ग्रामीणों को तत्काल राहत मिलने की संभावना है.
