भभुआ सदर.थानों में आने वाले फरियादियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन हो, इसे लेकर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं.एसपी ने स्पष्ट कहा कि थानों के आसपास या परिसर में किसी भी प्रकार के दलालों की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि किसी थाना क्षेत्र में दलालों की सक्रियता पाई जाती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी.
एसपी ने निर्देश दिया कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत सीधे पुलिस पदाधिकारी सुनें और किसी बिचौलिए या दलाल के माध्यम से कार्य न कराया जाए.पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच बेहतर बनाने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है.किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, पक्षपात या दलालों के हस्तक्षेप की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.एसपी ने थाने या उसके आसपास रहनेवाले दलालों की सूचना गोपनीय तरिके से उनके व्हाट्सएप पर भी भेजने की बात जिलेवासियों से कही है.
