UP से बिहार जा रहे ट्रेलर-ट्रक में भीषण टक्कर, उड़े परखचे; केबिन काटकर निकाला गया चालक, हुई मौत

Kaimur Road Accident News : कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पिपरिया मोड़ के पास ट्रेलर और ट्रक की भीषण टक्कर में चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Kaimur Road Accident News : दुर्गावती थाना क्षेत्र के पिपरिया मोड़ के पास रविवार की दोपहर करीब तीन बजे एक ट्रेलर और ट्रक में जबर्दस्त टक्कर हो गयी. इस भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक चालक की पहचान रोहतास जिले के परसथुआ थाना अंतर्गत ग्राम कर्म छाता निवासी रमेश शाह (45 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, घायल खलासी की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी नेवरास निवासी राजेश गुप्ता के रूप में की गयी है.

पीछे से ट्रक में घुसा पत्थर लदा ट्रेलर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्थर लोड कर एक ट्रेलर और तिरपाल से ढका एक ट्रक दोनों ही वाहन उत्तर प्रदेश (यूपी) की तरफ से बिहार की ओर जा रहे थे. जैसे ही दोनों वाहन दुर्गावती थाना क्षेत्र के पिपरिया मोड़ के समीप पहुंचे, तभी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर के परखचे उड़ गये. ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी केबिन के मलबे में ही बुरी तरह फंस गये.

काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर निकाले गये दोनों

घटना की भयावहता को देखते हुए एनएचएआइ (NHAI) की रेस्क्यू टीम और दुर्गावती थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद केबिन के अंदर फंसे चालक व खलासी को बाहर निकाला. दोनों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने चालक रमेश शाह को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल खलासी का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

Also Read : कैमूर : रील बनाने के दौरान युवक ने लहराया हथियार, वीडियो वायरल; पहचान में जुटी पुलिस

Kaimur News : परिजनों में कोहराम

दुर्घटना की जानकारी पुलिस द्वारा तत्काल मृतक व घायल के परिजनों को दी गयी. हादसे की मनहूस खबर मिलते ही चालक और खलासी के रोते-बिलखते परिजन दुर्गावती पहुंच गये. इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक चालक के परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और पूरे परिवार में कोहराम मच गया है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा

पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया है. इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती की प्रभारी डॉ. संगीता कुमारी ने बताया कि खलासी की हालत अब ठीक है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

Also Read : कैमूर में सड़क हादसे के बाद पुजारी की मौत, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mainuudin sah

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >