Kaimur PAX Election : कैमूर रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र अंतर्गत भीतरीबांध पंचायत में शुक्रवार को पैक्स चुनाव के लिए शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है. उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए चार मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिला और पुरुष मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
चार बूथों पर सुबह से लगी मतदाताओं की कतार
भीतरीबांध पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी और सदस्य पद के लिए 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. कुल 2,192 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान शुरू होते ही सभी चारों बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं.
SDM अमित कुमार ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
सुबह करीब 10:35 बजे भभुआ के एसडीएम अमित कुमार मतदान केंद्र पहुंचे और चुनाव व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण किया. साथ ही मतदाताओं से बातचीत कर किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी ली. इस दौरान प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनु कुमारी तथा करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान से भी मतदान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की.
Kaimur News : सुबह 11 बजे तक 28 प्रतिशत मतदान
एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि भीतरीबांध पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सुबह 10:35 बजे तक करीब 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि सेक्टर पदाधिकारी अमन सिंह के अनुसार सुबह 11 बजे तक मतदान बढ़कर लगभग 28 प्रतिशत पहुंच गया. मतदान शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा.
पांच मतपत्र होने से मतदान में लग रहा अधिक समय
प्रशासन के अनुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार-चार मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है. इस प्रकार चारों बूथों पर कुल 16 मतदान कर्मी चुनाव संपन्न कराने में लगे हैं. मतदान कर्मियों ने बताया कि अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए कुल पांच मतपत्र होने के कारण प्रत्येक मतदाता को मतदान में सामान्य से अधिक समय लग रहा है. इसके बावजूद मतदान प्रक्रिया को सुचारु और तेज गति से संचालित किया जा रहा है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस बल तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, शारीरिक उपाधीक्षक ओमप्रकाश, बीडब्ल्यूओ अखिलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं.
