Kaimur PACS Election Result 2026 : कैमूर के चाँद प्रखंड के सौखरा पैक्स चुनाव का परिणाम शनिवार सुबह घोषित किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद पर शिव प्रताप सिंह उर्फ गोलू सिंह ने शानदार जीत दर्ज की. मतगणना शुक्रवार देर रात तक चली, जिसके बाद अंतिम परिणाम सामने आया. मुकाबले में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमाशंकर सिंह को 125 मतों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.
मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई. सदस्य पद के लिए भी कोटिवार प्रत्याशियों को विजेता घोषित किया गया, जिससे पैक्स की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया. परिणाम घोषित होने के बाद अंचलाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह उर्फ गोलू सिंह को प्रमाण-पत्र प्रदान किया.
Kaimur News : समर्थकों में खुशी की लहर
जीत की घोषणा होते ही गोलू सिंह के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और नारेबाजी कर खुशी का इजहार किया. पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बन गया.
PACS Election : किसानों के हित में काम करने का वादा
नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह उर्फ गोलू सिंह ने जीत के बाद मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वे किसानों और पैक्स सदस्यों के हित में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करेंगे तथा पैक्स के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे.
