बालू लदे ट्रकों ने रोका NH-19, सीमा पर लगा भीषण जाम; 7 किमी तक रेंगते रहे वाहन

Kaimur News: कैमूर के कर्मनाशा इलाके में यूपी–बिहार बॉर्डर पर एनएच-19 पर बालू लदे वाहनों के कारण करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. जाम में यात्री बसें, एम्बुलेंस और अन्य वाहन घंटों फंसे रहे.

Kaimur News:(मैनुद्दीन शाह) यूपी–बिहार बॉर्डर पर स्थित एनएच-19 पर सोमवार सुबह भीषण जाम लग गया. यह जाम महमूदगंज तक लगभग 7 किलोमीटर के दायरे में फैल गया.जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि बाइक निकालना भी मुश्किल हो गया और पूरा यातायात ठप पड़ गया.

बालू लदे वाहनों के कारण स्थिति बिगड़ी

जानकारी के अनुसार बिहार सीमा से यूपी की ओर जाने वाले बालू लदे ट्रकों के अचानक रुक जाने से यह जाम लग गया. यूपी में खनन विभाग द्वारा जांच अभियान शुरू किए जाने के कारण वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. जांच की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ट्रक यूपी सीमा में प्रवेश करने के बजाय बिहार बॉर्डर पर ही खड़े हो गए, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई.

सर्विस लेन से मुख्य सड़क तक जाम

कुछ ही समय में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सर्विस लेन से लेकर मुख्य सड़क तक बालू लदे ट्रक खड़े हो गए। इनके साथ-साथ अन्य वाहन भी जाम में फंसते चले गए। बनारस की ओर जाने वाली यात्री बसें, चारपहिया वाहन और एम्बुलेंस तक प्रभावित हुईं।

कई वाहन चालकों को मजबूरी में रॉन्ग साइड से निकलना पड़ा, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई।

टैक्स और जांच को लेकर विवाद

स्थानीय जानकारी के अनुसार, यूपी में प्रवेश करने वाले बालू लदे ट्रकों से ऑनलाइन खनन टैक्स वसूला जाता है, जो लगभग ₹4000 प्रति वाहन बताया जाता है। कई चालक इस टैक्स से बचने की कोशिश में या जांच से बचने के लिए सीमा पर ही वाहन रोक देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।

आए दिन की समस्या से लोग परेशान

स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी–बिहार बॉर्डर पर यह समस्या आए दिन देखने को मिलती है। बालू लदे वाहनों के कारण लगने वाले जाम से यात्रियों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रॉन्ग साइड से आवागमन बना खतरा

जाम के कारण वाहन चालक मजबूरी में रॉन्ग साइड से यात्रा करते हैं, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि एनएच-19 पर हर दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके.

Also Read:पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल, 10 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम; लोगों की बढ़ी मुश्किलें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >