मोहनिया से विनोद कुमार सिंह :
Kaimur News: स्थानीय थाना क्षेत्र के मुठानी रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पर कार्य के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया. मृतक जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलमपुर गांव निवासी ढालो सिंह का 25 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार सिंह बताया जाता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत एक निजी कंपनी में गैंग लीडर के पद पर कार्यरत थे. वह करीब एक माह पूर्व 11 मई को अपने गांव से अन्य मजदूरों के साथ काम करने के लिए कैमूर जिले आए थे. उनके साथ गांव के कुल 13 मजदूर भी कार्य कर रहे थे. सभी लोग दुर्गावती क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में रहकर रेलवे लाइन पर काम कर रहे थे.
अप और डाउन लाइन के बीच रहने के दौरान आए चपेट में
इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 11 बजे मुठानी स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पूर्व रेलवे ट्रैक पर कार्य के दौरान अप और डाउन लाइन के बीच में रहने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद साथियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए मोहनिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए शव को भभुआ भेज दिया. घटना के बाद साथी मजदूरों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गया-डीडीयू मंडल के मुठानी स्टेशन के समीप सोमवार को हुई हृदय विदारक घटना ने सभी को झकझोर दिया. परिजनों के अनुसार, सुजीत का पुत्र मात्र 15 दिन पहले जन्मा था. काम के कारण वह नवजात बेटे को देखने भी घर नहीं जा सके थे. इसी बीच हादसे में उनकी मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक के छोटे भाई दीपक कुमार सिंह भी उनके साथ काम करने के लिए यहां आए हुए थे.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
इस संबंध में मोहनिया एसएचओ आलोक कुमार ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हुई है. जिसके शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की जरूरी कानूनी और कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है.
Also Read: चैनपुर में ही बनेगा मेडिकल कॉलेज, नीतीश कुमार के दौरे के बीच मंत्री जमा खान का बड़ा बयान
