Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. हालांकि, बीच-बीच में हो रही छिटपुट बारिश से मौसम थोड़ा सुहाना जरूर होता है, लेकिन इसके तुरंत बाद बढ़ने वाली उमस लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है. पिछले दो दिनों से जिले का पारा एक बार फिर 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे तेज धूप और उमस उफान पर है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज (बुधवार) भी लोगों को इस कड़कड़ाती धूप और चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
दोपहर बाद 30 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज बुधवार को दोपहर के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. जिले में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है. सुबह और शाम के समय आसमान में बादल भी छाए रह सकते हैं, जिनकी दिशा पूरब से पश्चिम की ओर होगी.
पुरवा हवा बढ़ाएगी परेशानी, जानें आज का तापमान
राहत की उम्मीद के बीच मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार पुरवा हवा चलने और हवा में आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 61 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण उमस का असर कम नहीं होगा. बुधवार को तापमान की संभावित स्थिति इस प्रकार रहने का अनुमान है:
अधिकतम तापमान: लगभग 39 से 41 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: लगभग 29 से 31 डिग्री सेल्सियस
दोपहर में बाहर निकलने वाले बरतें ये सावधानियां
मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आज सुबह 10 बजे के बाद धूप का असर काफी तेज हो जाएगा, इसलिए बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें. अगर बाहर जाना ही पड़े, तो धूप से बचाव के लिए हेलमेट, गमछा, टोपी या छाते का इस्तेमाल जरूर करें और साथ में पानी की बोतल रखना न भूलें.
