कैमूर में बड़ा हादसा टला, सीएनजी सिलेंडर लीकेज से हड़कंप, दहशत में घर छोड़ भागे ग्रामीण

Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के समीप एक वाहन में लदे सीएनजी सिलेंडर से गैस रिसाव होने पर अफरा-तफरी मच गई. तेज आवाज और विस्फोट की आशंका से लोग घर छोड़कर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस और विशेषज्ञों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

Kaimur News:(विनोद कुमार) कैमूर मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वाहन में लदे सीएनजी गैस सिलेंडर से अचानक तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया. गैस निकलने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से घबरा गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिसाव की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी. स्थिति ऐसी हो गई कि सड़क किनारे रहने वाले कई परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान की तलाश में खेतों की ओर भागने लगे.

630 लीटर गैस होने से बढ़ी लोगों की चिंता

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था, उसमें लगभग 630 लीटर सीएनजी गैस भरी हुई थी. गैस के दबाव और तेज आवाज ने लोगों के डर को और बढ़ा दिया. कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया, गैस रिसाव की आवाज इतनी तेज थी कि लगा जैसे कोई बड़ा विस्फोट होने वाला है. डर के कारण हम अपने बच्चों को लेकर खेतों की तरफ भाग गए.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मोहनिया थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली. पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को घेर लिया तथा लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी. इसके साथ ही सड़क पर आवागमन को भी नियंत्रित किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही.

विशेषज्ञों की मदद से पाया गया रिसाव पर काबू

गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों की सहायता ली गई. काफी मशक्कत और तकनीकी प्रयासों के बाद सिलेंडर से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आवश्यक कदम उठा लिए गए, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया. यदि रिसाव पर समय पर काबू नहीं पाया जाता, तो गंभीर नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था.

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत संबंधित विभाग और पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

Also Read: आरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मामले में महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >