मोहनिया में महाजाम पर एक्शन: चांदनी चौक से सड़कों तक चला प्रशासन का डंडा, वसूला 14 हजार जुर्माना

Kaimur News: (मोहनिया से विनोद कुमार की रिपोर्ट):स्थानीय शहर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस बड़े अभियान के दौरान मौके पर मोहनिया एसडीएम रत्ना […]

Kaimur News: (मोहनिया से विनोद कुमार की रिपोर्ट):
स्थानीय शहर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस बड़े अभियान के दौरान मौके पर मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी, मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) के साथ-साथ ट्रैफिक डीएसपी दयानंद कुमार और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी खुद मोर्चा संभाले नजर आए.

चांदनी चौक से लेकर सर्विस लेन तक साफ हुई सड़कें

मोहनिया शहर के सबसे व्यस्ततम चांदनी चौक सहित विभिन्न मुख्य सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटाने के लिए इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई. अभियान के दौरान टीम ने चांदनी चौक, स्टुअरगंज, रामगढ़ रोड, भभुआ रोड तथा विभिन्न सर्विस लेनों पर सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाकर सब्जी एवं अन्य सामान बेच रहे दुकानदारों को हटाया.

इसके साथ ही सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होकर यातायात बाधित करने वाले ई-रिक्शा एवं टेंपो चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई. नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों की मौके पर ही हवा निकाल दी गई. इस पूरी कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत की ओर से कुल 14 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. इसी क्रम में नगर पंचायत की टीम ने स्टुअरगंज क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक सामग्री भी जब्त की. अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण न करें और निर्धारित वेंडिंग जोन में ही अपना व्यवसाय चलाएं.

बीच सड़क पर बस रोककर सवारी बैठाई तो खैर नहीं

मोहनिया चांदनी चौक पर जब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी, तभी अधिकारियों ने देखा कि बस स्टैंड से निकलने वाली बसें बीच सड़क पर ही गाड़ी खड़ी कर सवारी बैठा रही हैं, जिससे तुरंत जाम की स्थिति बन रही थी. इसे देखते ही अधिकारियों ने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि सड़क पर रुककर सवारी बैठाने वाले बस चालकों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए. यातायात नियमों का मखौल उड़ाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यदि इस कार्य में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने लापरवाही बरती तो उन पर भी गाज गिरेगी.

चांदनी चौक के 100 मीटर के दायरे में लगातार गश्त करेगी ट्रैफिक पुलिस

कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक डीएसपी दयानंद कुमार ने ऑन-स्पॉट ट्रैफिक पुलिस और संबंधित पदाधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि केवल ओवरब्रिज या पुल के नीचे खड़े रहकर कोरम पूरा करने से जाम नहीं हटेगा. चांदनी चौक के चारों ओर 100 मीटर की परिधि में ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार सक्रिय होकर गश्त करेगी. सड़क पर अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों पर तुरंत जुर्माना ठोंका जाए. इसके साथ ही रामगढ़ रोड पुल के पास लगने वाले अवैध टेंपो स्टैंड को भी जल्द वहां से हटाने का निर्देश जारी किया गया है.

दोनों शिफ्ट में तैनात रहेगी टीम

इस पूरी कार्रवाई के संबंध में मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने साफ तौर पर कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर है. अतिक्रमण हटाने के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों से नगर पंचायत द्वारा 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है. उन्होंने बताया कि शहर को जाम मुक्त रखने के लिए अब दो शिफ्टों में विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार मुस्तैद रहकर सड़कों से अतिक्रमण हटाएंगी ताकि आम जनता और राहगीरों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं हो.

Also Read: रामगढ़ बाजार में चला बुलडोजर, SDM के निर्देश पर हटाई गईं 3 दर्जन से अधिक दुकानें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >