कर्मनाशा (कैमूर) से मैनुद्दीन शाह की रिपोर्ट
Kaimur Muharram Procession : शुक्रवार को यूपी-बिहार बॉर्डर पर कर्मनाशा नदी के पुल पर सैकड़ों वर्ष पुरानी ऐतिहासिक परंपरा कायम रही. परंपरा के तहत नौबतपुर (यूपी) और खजुरा व सरैयां (बिहार) के तीन ताजियों का मिलन हुआ. इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में दोनों राज्यों के हिंदू व मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की.
इमाम हुसैन की याद में ‘ऐ खुदा अंधेर कैसा हो गया इस चांद में, फातमा का लाडला मारा गया इस चांद में’ जैसी नौहा ख्वानी पढ़ी गई.
पुल पर आपस में गले मिले दोनों राज्यों के लोग
रिवाजों के अनुसार दुर्गावती प्रखंड के खजुरां व सरैया तथा यूपी के नौबतपुर गांव का ताजिया विशाल जुलूस के साथ अपने चौक से उठकर जीटी रोड होते हुए कर्मनाशा नदी पुल पर पहुंचता है. वहां पर या हुसैन के नारों के बीच तीनों ताजियों का मिलन होता है. साथ ही यूपी-बिहार से आने वाले लोग आपस में गले मिलकर आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं.
इसके बाद बिहार के दोनों ताजियों के साथ लोग नौबतपुर के ताजिए को उनके चौक तक पहुंचाने गए. वहां मुंह मीठा करने के बाद बिहार के दोनों ताजिये अपने चौक पर लौट आए.
Also Read : मोहर्रम को लेकर कैमूर में अलर्ट मोड पर पुलिस, कई गांवों में निकाला गया फ्लैग मार्च
हजरत अंजान शहीद बाबा की दरगाह पर हुआ खेलों का प्रदर्शन
दोपहर एक बजे नौबतपुर का ताजिया बिहार के सरैया चौक पर पहुंचा, जहां यूपी से आए लोगों का मुंह मीठा कराया गया. यहां से दोनों ताजिया एक साथ खजुरा चौक पहुंचे और फिर तीनों ताजिया एक साथ खजुरा पड़ाव स्थित हजरत अंजान शहीद बाबा के दरगाह के पास पहुंचे. दरगाह के पास खिलाड़ियों ने गदका, बाना और बनेठी आदि पारंपरिक खेलों का शानदार प्रदर्शन किया. खेल देखने के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुटी रही.
शाम को ताजिया किया गया ठंडा, प्रशासन रहा मुस्तैद
शाम ढलने के बाद तीनों ताजिया एक बार फिर कर्मनाशा नदी पुल पर पहुंचकर मिलन करने के बाद अपने-अपने कर्बला के लिए प्रस्थान कर गए. वहां रात्रि आठ बजे तक ताजियों को ठंडा किया गया. मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. प्रशासनिक अधिकारियों सहित थानाध्यक्ष गिरीश कुमार पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
Also Read : कैमूर में रेलवे स्टेशन के पास मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
