मोहनिया. कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में होंडा एजेंसी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मंगलवार देर शाम दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए. दुर्घटना के बाद एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा.
टक्कर में ट्रकों के अगले हिस्से हुए क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रकों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस और एनएचएआई टीम ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों घायल चालकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का अभियान शुरू किया गया.
कई घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात
काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया. इसके बाद एनएच-19 पर वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
