कैमूर : मोहनिया में ईद मिलादुन्नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, जुलूस के रूट से लेकर सुरक्षा तक बनी रणनीति

मोहनिया में ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। जुलूस के रूट और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।

आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को मोहनिया थाना परिसर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने की. इसमें अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, बीडीओ, सीओ, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए.

ईद मिलादुन्नबी पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चर्चा

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, जुलूस के रूट, यातायात, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार, कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी, मोहनिया सीओ नीरज सुमन समेत कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

स्टुरगंज से निकलेगा ईद मिलादुन्नबी का जुलूस

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे स्टुरगंज से जुलूस निकलेगा. जुलूस चांदनी चौक और इस्लामगंज होते हुए डड़वा दुर्गा मंदिर के पास पहुंचेगा. इसके बाद चांदनी चौक से बरकत नगर, बड़ी बाजार, स्टेशन रोड और स्टुरगंज होते हुए जुलूस पुनः चांदनी चौक से पटना मोड़ स्थित शहीद बाबा की मजार के पास पहुंचेगा.

कई गांवों से भी पहुंचेंगे लोग

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में आसपास के बैलोड़ी, दादर, पानापुर समेत कई गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जतायी गयी. इसे देखते हुए प्रशासन ने जुलूस के रूट और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी करने पर जोर दिया.

शहीद बाबा की मजार पर मेले को लेकर विशेष सतर्कता

बैठक में शहीद बाबा की मजार के पास लगने वाले मेले को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर चर्चा हुई. यहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है. भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की मांग की गयी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.

जुलूस में डीजे पर बनी सहमति

ईद मिलादुन्नबी शांति समिति बैठक में पर्व के दौरान डीजे नहीं बजाने पर सहमति बनी. साथ ही जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित नहीं करने की मांग रखी गयी. प्रशासन से पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया.

साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था पर जोर

मजार के आसपास जलजमाव की समस्या दूर करने और पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई कराने पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा जुलूस के रूट और प्रमुख स्थानों पर पेयजल के लिए पानी की टंकियां उपलब्ध कराने की बात कही गयी.

सर्विस रोड पर वाहनों की पार्किंग का मुद्दा उठा

बैठक में बजाज एजेंसी के सामने सर्विस रोड पर वाहनों के बेतरतीब तरीके से खड़े रहने की समस्या भी उठायी गयी. पर्व के दौरान इस स्थान पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गयी.

अफवाह और असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर

प्रशासन ने लोगों से ईद मिलादुन्नबी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. अधिकारियों ने प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा. साथ ही स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह और असामाजिक गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी.

प्रभात खबर की खबर का असर, मोहनिया अस्पताल में महिला डॉक्टरों की ड्यूटी को लेकर सिविल सर्जन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >