कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने एनएच-19 पर कुल्हड़ियां मोड़ के पास एक कंटेनर से 36 मवेशियों को बरामद किया. इस दौरान एक कथित पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया.
गया के आरोपी की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरताज चौधरी, पिता गायूर हसन, निवासी चोनाह थाना चौनहा, जिला गया के रूप में हुई है. पुलिस ने पशु तस्करी में इस्तेमाल किये जा रहे कंटेनर को भी जब्त कर लिया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुरू की वाहन जांच
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि मोहनियां की ओर से एक कंटेनर में मवेशियों को लादकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी. टीम ने एनएच-19 पर कुल्हड़ियां मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया.
कंटेनर की तलाशी में मिले 36 मवेशी
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कंटेनर में 36 मवेशी मिले. पुलिस के अनुसार, मवेशियों को कथित रूप से बेरहमी से बांधकर ले जाया जा रहा था. पूछताछ में मवेशियों को उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आयी.
कंटेनर और मवेशी पुलिस ने किये जब्त
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ 36 मवेशियों और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर को जब्त कर लिया. बरामद सभी मवेशियों को नुआंव स्थित पशु मेला में सुपुर्दगी में दे दिया गया है.
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज
दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कुल्हड़ियां मोड़ के पास कार्रवाई की गयी. मामले में पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
