Kaimur News,(अमित सिन्हा ): कैमूर जिले के भभुआ-चैनपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ. केवा नहर के समीप बस और ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गई. इस दुर्घटना में ऑटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है.
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार भभुआ से सवारी लेकर एक बस चैनपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो के साथ केवा नहर के पास उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की भारी भीड़ तुरंत घटनास्थल पर जमा हो गई.
घायलों की पहचान और उपचार
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर निवासी ऑटो चालक रूपन गोंड, मुड़ी गांव निवासी किशन चौहान और उनकी पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है. स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को तत्काल चैनपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, भभुआ रेफर किया गया. जहां सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रमिला देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है.
पुलिस जांच में जुटी
घायल ऑटो चालक रूपन गोंड के अनुसार, बस की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
Also Read: STF का बड़ा एक्शन: गर्भवती भाभी की हत्या कर साल भर से फरार चल रहा कलयुगी देवर गिरफ्तार
