भक्ति और उल्लास के साथ मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन

शहर सहित ग्रामीण इलाकों में शनिवार को विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन पूरे विधि-विधान के साथ किया गया.

जगदहवा व पहड़िया डैम पर प्रतिमाओं का विसर्जन, गूंजे माता के जयकारे भभुआ सदर. शहर सहित ग्रामीण इलाकों में शनिवार को विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन पूरे विधि-विधान के साथ किया गया. स्कूल-कॉलेज व शिक्षण संस्थानों के अलावा पूजा समितियों द्वारा पंडालों में स्थापित माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया. हालांकि, इस बार प्रशासन की सख्ती के चलते पूजा सादगी के साथ मनायी गयी और विसर्जन भी तय दिन के अनुसार कर दिया गया. शनिवार को अहले सुबह से ही विभिन्न शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक संस्थानों से लोग माता की प्रतिमा लेकर नाचते-गाते जगदहवा, करमचट व पहड़िया डैम पर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने पानी में माता की प्रतिमा का विसर्जन किया. इस दौरान युवकों व छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बसंत के आगमन की बधाई दी. वहीं, विसर्जन के दौरान दोनों डैम पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला. सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम माता सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार को एसपी हरिमोहन शुक्ल के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. सुरक्षा व विधि-व्यवस्था के लिए शहर में जगह-जगह दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान व अधिकारी तैनात किये गये थे. प्रशासन द्वारा शहर से मां सरस्वती की प्रतिमा लेकर विसर्जन करने जा रहे युवाओं व छात्रों की टोली पर विशेष नजर रखी गयी और उन्हें सहूलियत के साथ आगे बढ़ाते रहे. एसडीपीओ भभुआ मनोरंजन भारती व नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार अनुमंडल स्तर से लेकर थाना स्तर के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ लगातार सुरक्षा व विधि-व्यवस्था के लिए कसरत करते रहे. वहीं, पुलिस भी शहर में गश्त करती रही. शनिवार को परस्पर सामाजिक व आपसी सद्भाव बनाये रखने व शांतिपूर्वक विसर्जन यात्रा निकाले जाने को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध रहा, जिसके चलते जिले भर में सरस्वती पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >