कैमूर: मूसलाधार बारिश में उखड़ा विशाल पेड़, रेफरल अस्पताल का गेट बंद; एंबुलेंस और मरीजों की बढ़ी परेशानी

रामगढ़ में मूसलाधार बारिश के कारण रेफरल अस्पताल के मुख्य गेट पर विशाल पेड़ गिरा, जिससे एंबुलेंस और वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

Kaimur News : मंगलवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश के दौरान बीआरसी परिसर में लगा विशालकाय पेड़ अचानक उखड़कर रेफरल अस्पताल के मुख्य गेट पर जा गिरा. पेड़ गिरने से अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बाधित हो गया है. वहीं, दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर पेड़ गिरने के कारण बड़े वाहनों का आवागमन भी ठप हो गया है. हालांकि, संयोग अच्छा रहा कि पेड़ गिरने के समय सड़क से गुजर रहे लोग इसकी चपेट में नहीं आये, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.

सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन हुआ बाधित

विशाल पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरने के कारण वाहनों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. खासकर बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बारिश के बीच मुख्य सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं. स्थानीय लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.

अस्पताल का मुख्य गेट बंद, बाहर रुक रही एंबुलेंस

पेड़ के अस्पताल के मुख्य गेट पर गिरने से रेफरल अस्पताल का प्रवेश द्वार बंद हो गया है. इसके चलते एंबुलेंस को अस्पताल परिसर के अंदर प्रवेश करने में परेशानी हो रही है और उन्हें मुख्य गेट के बाहर ही रुकना पड़ रहा है. अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी गेट से अंदर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

गंभीर मरीजों के लिए बढ़ा खतरा

सबसे अधिक परेशानी सड़क दुर्घटना अथवा अन्य गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को हो रही है. आपात स्थिति में एंबुलेंस के अस्पताल परिसर में प्रवेश नहीं कर पाने के कारण मरीजों को मुख्य गेट के बाहर उतारना पड़ रहा है. इसके बाद उन्हें अस्पताल के अंदर ले जाने में अतिरिक्त समय लग रहा है. गंभीर मरीजों के मामले में यह देरी चिंताजनक साबित हो सकती है.

लोगों ने प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाने की मांग की

स्थानीय व्यवसायी मोनू गुप्ता, समाजसेवी राधेश्याम यादव और पंकज सिंह ने प्रखंड प्रशासन से सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को अविलंब हटाने की मांग की है. लोगों ने कहा कि बारिश के कारण पहले से ही आवागमन प्रभावित है. ऐसे में मुख्य सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है.

जल्द नहीं हटा पेड़ तो बढ़ेगी परेशानी

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र पेड़ नहीं हटाया गया तो सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रह सकता है. अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा. लोगों ने आपात स्थिति को देखते हुए तत्काल पेड़ हटाकर सड़क और रेफरल अस्पताल के मुख्य गेट को आवागमन के लिए सुचारू कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >