रामपुर में एक सोलर लाइट हफ्ते भर से बंद, दूसरी लाइट की दो महीने से नहीं हुई मरम्मत

रामपुर प्रखंड के गम्हरिया गांव का अनुसूचित जाति टोला एक हफ्ते से सोलर लाइट बंद होने के कारण गहरे अंधेरे में डूबा हुआ है. दो महीने से खराब पड़ी एक अन्य लाइट की मरम्मत न होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और जल्द से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

Kaimur News : रामपुर प्रखंड के बड़कागांव पंचायत अंतर्गत गम्हरिया गांव का अनुसूचित जाति टोला इन दिनों गहरे अंधेरे में जीने को मजबूर है. यहां लगी सोलर स्ट्रीट लाइट पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी है, जबकि एक अन्य लाइट करीब दो महीने से खराब है. लगातार अंधेरा रहने से टोला के लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

स्थानीय निवासी सुशील कुमार ने बताया कि अगनु मुसहर के दरवाजे के पास लगी सोलर लाइट एक सप्ताह से बंद है. वहीं वार्ड नंबर 4 में लगी दूसरी सौर लाइट पिछले दो महीने से खराब पड़ी है. इससे पूरे इलाके में रात होते ही घना अंधेरा छा जाता है.

अंधेरे में घुट रही जिंदगी

ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही टोला में सन्नाटा पसर जाता है. अंधेरे के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते हैं. खासकर महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. रात में कहीं आने-जाने में डर लगता है और सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है.

लोगों ने बताया कि कई बार इस समस्या की शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. बार-बार सूचना देने के बावजूद मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

उद्देश्य था उजाला, लेकिन नहीं हो रहा रखरखाव

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का मकसद गांव में रोशनी फैलाना और सुरक्षा को मजबूत करना था. लेकिन रखरखाव के अभाव में ये लाइटें बार-बार खराब हो जाती हैं और समय पर ठीक भी नहीं की जातीं.

सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारी शिकायत सुनने तक को तैयार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि दो महीने से लगातार अंधेरा है, कई बार फोन किया गया और खुद जाकर भी जानकारी दी गई, लेकिन कोई तकनीशियन मरम्मत के लिए नहीं आया.

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

टोला के लोगों ने प्रखंड प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि खराब पड़ी दोनों सोलर लाइटों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए. साथ ही यह भी मांग की गई है कि भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

इस मामले में जब पंचायत के वार्ड सदस्य से बात की गई तो उन्होंने भी समस्या की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि विभाग को कई बार पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन बजट और तकनीशियन की कमी के कारण काम लंबित है.

अधिकारी बोले जांच के बाद होगी कार्रवाई

वहीं प्रभारी प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी ज्योति कुमारी ने कहा कि उन्हें इस शिकायत की जानकारी नहीं थी. उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसी समस्या है तो जांच कराई जाएगी और जल्द ही लाइट ठीक कराई जाएगी.

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मंशा है कि हर टोला और मोहल्ले में रोशनी रहे. यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >