Kaimur News : भभुआ शहर के जेपी चौक पर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक ऑटो चालक से चालान के नाम पर 600 रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. आरोपी युवक ने ऑटो चालक को विश्वास में लेने के लिए अपने मोबाइल फोन में पुलिस अधिकारी से संबंधित फोटो भी दिखायी. बाद में शक होने पर चालक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक को पकड़ लिया गया. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
चालान के नाम पर ऑटो चालक से लिये 600 रुपये
शिकायतकर्ता हाटा निवासी विवेक कुमार, पिता पप्पू गुप्ता, ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो लेकर जा रहे थे. इसी दौरान जेपी चौक के पास एक युवक ने उन्हें रोक लिया. युवक ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए चालान काटने की बात कही. इसके बाद उसने चालक से 600 रुपये ले लिये.
मोबाइल में पुलिस अधिकारी की फोटो दिखाकर जमाया भरोसा
ऑटो चालक को विश्वास में लेने के लिए आरोपी युवक ने अपने मोबाइल फोन में पुलिस अधिकारी से संबंधित फोटो भी दिखायी. इससे चालक को शुरू में उसके पुलिस अधिकारी होने पर विश्वास हो गया और उसने चालान के नाम पर मांगे गये 600 रुपये दे दिये.
शक हुआ तो पुलिस को दी सूचना
रुपये देने के बाद विवेक कुमार को युवक के पुलिस अधिकारी होने पर संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की और आरोपी युवक को पकड़कर थाना लाया गया.
पूछताछ में हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रवि कुमार चौरसिया (25), पिता विद्यासागर प्रसाद चौरसिया, ग्राम हरसुब्रम्ह, थाना चैनपुर, जिला कैमूर के रूप में हुई है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इस तरह की ठगी की है या नहीं.
