कैमूर: एक्सप्रेसवे निर्माण ने बिगाड़ी भगवानपुर-अधौरा सड़क, गड्ढों और कीचड़ से हर दिन हादसे का खतरा

वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों के कारण कैमूर की भगवानपुर-अधौरा मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। बड़े गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ ने आवागमन मुश्किल बना दिया है, जिससे हर कदम पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है।

Kaimur News : वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों के लगातार आवागमन से भगवानपुर-अधौरा मुख्य सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और निर्माण कंपनी की जवाबदेही तय करने की मांग की है.

बारिश में बढ़ी मुश्किलें, हर कदम पर हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की समय पर मरम्मत नहीं होने से बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो गई है. हल्की बारिश के बाद ही गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. ऐसे में बाइक सवार और अन्य छोटे वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. भैरोपुर गांव से लेकर हनुमान घाट तक सड़क कई जगहों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है.

मोहनपुर के पास सबसे खराब है सड़क की स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि मोहनपुर गांव के समीप सड़क सबसे अधिक जर्जर हो चुकी है. कई स्थानों पर सड़क उखड़ गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. चारपहिया वाहन चालकों को भी यहां से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रात के समय गड्ढों में भरे पानी के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है.

भारी वाहनों के आवागमन से टूटी सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन निर्माण सामग्री ढोने वाले भारी वाहनों ने स्थानीय सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है. मिट्टी, गिट्टी और बालू से लदे वाहन लगातार गुजरने के कारण सड़क की ऊपरी परत टूट गई है और किनारों पर निर्माण सामग्री जमा होने से जलनिकासी भी प्रभावित हो रही है.

निर्माण कंपनी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एक्सप्रेसवे निर्माण के साथ-साथ उन सड़कों की भी नियमित निगरानी और मरम्मत कराई जाए, जिनका उपयोग निर्माण सामग्री ढोने वाले भारी वाहन कर रहे हैं. उनका कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाओं की संख्या और बढ़ सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >