दुर्गावती में फिर अतिक्रमण, सर्विस रोड व पुलिया मार्ग पर कब्जा

शाम होते ही मछली मंडी के कारण सड़क पर पैदल चलना हुआ दूभर

शाम होते ही मछली मंडी के कारण सड़क पर पैदल चलना हुआ दूभर. दुर्गावती. स्थानीय मुख्यालय बाजार की सर्विस सड़क एक बार फिर अतिक्रमण की चपेट में आने लगी है. इसके कारण बाजार आये लोगों को अपने वाहन खड़ा करने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इतना ही नहीं, बाजार का पुलिया मार्ग व डहला मोड़ भी इससे अछूता नहीं है. जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व पुलिस-प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत इन जगहों से अतिक्रमण हटाने के लिये जेसीबी की मदद से विशेष अभियान चलाया गया था. उस समय सड़कें चौड़ी व साफ-सुथरी दिखने लगी थीं. लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया व क्षेत्रीय प्रशासन की नजरें ओझल होती गयीं, वैसे-वैसे अतिक्रमण की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है. सड़क के दोनों किनारे फुटपाथी दुकानदारों व ठेले-खोमचे वालों ने फिर से कब्जा जमाना शुरू कर दिया है. सबसे बुरा हाल बाजार की दोनों पुलिया वाले मार्गों का है, जहां अतिक्रमण के कारण ट्रैक्टर व अन्य चार पहिया वाहनों को एक साथ निकलने में जाम का सामना करना पड़ता है. बाजार की सर्विस सड़क की बात करें तो पुराने ओवरब्रिज वाले पथ पर पूर्व में फुटपाथी दुकानदारों द्वारा चबूतरा बनाकर कब्जा किया गया था, जिसे एनएचएआइ की जेसीबी ने हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त किया था. अब यहां दोबारा दुकानें सजने लगी हैं. इसके अलावा डहला मोड़ स्थित पुलिया का भी यही हाल है. यहां शाम होते ही सड़क के दोनों तरफ मछली मंडी इस कदर सजती है कि पैदल चलने वाले लोगों को मजबूरन सड़क के बीचों-बीच चलना पड़ता है, जो किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. क्षेत्रीय प्रशासन के वाहनों का यहां से लगातार गुजरना व इस ओर ध्यान न देना अब चर्चा का विषय बना हुआ है. इस संबंध में पूछे जाने पर अंचल पदाधिकारी सदानंद कुमार ने बताया कि यदि अतिक्रमण की स्थिति दोबारा पैदा हुई है, तो उसकी जांच करायी जायेगी. जांचोपरांत अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अविलंब कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >