Kaimur News : भगवानपुर-भभुआ मुख्य मार्ग पर बलीपुर गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार कार को साइड देने के दौरान एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में ई-रिक्शा पर सवार कई यात्री घायल हो गये. इनमें कई शिक्षिकाएं भी शामिल थीं. हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही.
तेज रफ्तार कार को साइड देने में बिगड़ा संतुलन
स्थानीय निवासी विनोद कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा भभुआ से भगवानपुर की ओर जा रहा था. उस पर कई शिक्षिकाओं समेत अन्य यात्री सवार थे. बलीपुर गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में एक कार आ रही थी. कार को रास्ता देने के लिए ई-रिक्शा चालक ने वाहन को सड़क किनारे किया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा पलट गया.
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने पलटे हुए ई-रिक्शा में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उनकी मदद की. दुर्घटना में कई शिक्षिकाओं एवं अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं. राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली.
कुछ देर बाधित रहा आवागमन
ई-रिक्शा पलटने के कारण भगवानपुर-भभुआ मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. सड़क पर भीड़ जुटने से आवागमन में परेशानी हुई. बाद में ई-रिक्शा चालक और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.
