प्रभात खबर में खबर छपने के बाद जागा विभाग, सिवों वितरणी की सफाई शुरू, ग्रामीणों को राहत की उम्मीद

प्रभात खबर की रिपोर्ट के बाद भभुआ में सिवों वितरणी की सफाई का काम शुरू हो गया है। नहर का पानी सड़कों और घरों में घुसने से लोग परेशान थे।

Kaimur News : जिला मुख्यालय से होकर गुजर रही सिवों वितरणी के पानी से सड़क और घरों में जलजमाव की समस्या को लेकर प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया है. गुरुवार को खबर प्रकाशित होने के बाद सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल की ओर से सिवों वितरणी की सफाई का काम शुरू करा दिया गया. सफाई शुरू होने से वितरणी के आसपास रहने वाले लोगों ने राहत की उम्मीद जतायी है.

खबर छपी तो शुरू हुआ सफाई का काम

गौरतलब है कि गुरुवार के अंक में प्रभात खबर ने सिवों वितरणी की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर में बताया गया था कि नहर में पानी का बहाव बढ़ने के बाद यह पानी उफनकर शहर के वार्ड नंबर छह और सात की सड़कों के साथ-साथ लोगों के घरों तक पहुंच रहा है. इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

बेहाया की झाड़ियों और गाद से बढ़ी थी परेशानी

वितरणी में लंबे समय से बेहाया की झाड़ियां और गाद जमा होने के कारण पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न हो रही थी. बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गयी थी. पानी के उफनने से सड़क पर जलजमाव के साथ घरों में भी पानी प्रवेश करने लगा था. ग्रामीणों ने विभाग से वितरणी की तत्काल सफाई कराने की मांग की थी.

जून में सफाई का दिया गया था आश्वासन

खबर में यह भी उल्लेख किया गया था कि सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अखिलेख कुमार ने वितरणी से गाद हटाने और बेहाया की झाड़ियों की सफाई जून महीने में कराने का आश्वासन दिया था. हालांकि, निर्धारित समय पर सफाई नहीं होने के कारण अगस्त में वितरणी का पानी उफनने लगा और आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ गयी.

पूरी सफाई होने पर मिलेगी राहत

फिलहाल विभाग की ओर से वितरणी की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वितरणी से गाद और बेहाया की झाड़ियों को पूरी तरह हटाकर सफाई करा दी जाती है, तो पानी के बहाव में सुधार होगा और जलजमाव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है. ग्रामीणों ने विभाग से सफाई कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >